मोरहाबादी में सुरक्षा कड़ी!, ड्रोन उड़ाया तो खैर नहीं, जानिए स्वतंत्रता दिवस परेड का पूरा शेड्यूल
रांची के मोरहाबादी मैदान में स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ध्वजारोहण करेंगे, परेड में कई सुरक्षा बल शामिल होंगे और निजी ड्रोन पर रोक रहेगी।

Ranchi: झारखंड की राजधानी रांची का ऐतिहासिक मोरहाबादी मैदान एक बार फिर भव्य राजकीय समारोह का गवाह बनने जा रहा है। शनिवार को आयोजित होने वाले मुख्य समारोह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ध्वजारोहण करेंगे और आकर्षक परेड की सलामी लेंगे। समारोह की तैयारियों का जायजा लेने के लिए रांची के उपायुक्त समेत जिला प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने आयोजन स्थल का विस्तृत निरीक्षण किया। अधिकारियों ने सभी व्यवस्थाओं को समय रहते और पूरी मुस्तैदी के साथ मुकम्मल करने के कड़े निर्देश दिए हैं।
Odisha Police से लेकर ITBP तक, परेड में दिखेगा जवानों का शौर्य
इस वर्ष के राजकीय समारोह की परेड में सुरक्षा बलों की कई भव्य टुकड़ियां अपनी ताकत और अनुशासन का प्रदर्शन करेंगी। परेड में CRPF, ITBP, SSB, CISF, Odisha Police, झारखंड जगुआर, JAP-1, JAP-2, JAP-10, रांची जिला पुलिस, झारखंड गृहरक्षा वाहिनी और NCC की टुकड़ियां मुख्य रूप से शामिल हो रही हैं। इनमें महिला और पुरुष पुलिसकर्मियों की टुकड़ियां कदम से कदम मिलाकर मार्च पास्ट करेंगी। इसके अलावा JAP-1, JAP-10 और गृहरक्षा वाहिनी की बैंड पार्टियां अपनी सुरीली धुनों से माहौल को देशभक्ति के रंग में रंगेंगी, जबकि NCC की गर्ल्स और ब्वॉयज प्लाटून भी परेड का मुख्य आकर्षण होंगी।
IPS राघवेंद्र शर्मा संभालेंगे फर्स्ट इन कमांड की कमान
इस बार परेड का नेतृत्व करने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी 2022 बैच के युवा IPS अधिकारी राघवेंद्र शर्मा को सौंपी गई है। वर्तमान समय में वे रामगढ़ जिले में पदस्थापित हैं और फर्स्ट इन कमांड की भूमिका निभाएंगे। वहीं उनके साथ सेकेंड इन कमांड के रूप में परिचारी प्रवर द्वितीय अनिश मोमित कुजूर जिम्मेदारी संभालेंगे। समारोह को निर्विघ्न और सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए प्रतिनियुक्त सभी दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों की एक संयुक्त ब्रीफिंग भी आयोजित की गई, जिसमें डीसी ने सभी अधिकारियों को अपने दायित्वों का सही ढंग से निर्वहन करने की हिदायत दी।
निजी ड्रोन पर पूरी तरह प्रतिबंध, सुरक्षा को लेकर SSP के सख्त निर्देश
समारोह के दौरान मोरहाबादी मैदान और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था बेहद सख्त रहेगी। SSP राकेश रंजन ने समारोह स्थल में प्रवेश करने वाले हर व्यक्ति की सघन जांच के निर्देश दिए हैं ताकि कोई भी अवांछित तत्व या आपत्तिजनक सामग्री मैदान के अंदर न पहुंच सके। सुरक्षा कारणों से मोरहाबादी मैदान में निजी स्तर पर ड्रोन से वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी करने पर पूरी तरह से रोक लगा दी गई है। केवल सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा अधिकृत ड्रोन को ही उड़ने की अनुमति होगी। इसके साथ ही आम जनता की सुविधा के लिए यातायात और पार्किंग की विशेष व्यवस्था की गई है।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

'पति आरोपी तो पत्नी की गाड़ी आतंकी संपत्ति नहीं!', आम्रपाली-मगध कोयला लेवी केस में JH हाईकोर्ट का बड़ा फैसला

"गोली मारी, फिर भट्ठी में जलाया...", रांची में डायन-बिसाही मामले में आरोपी निरंजन अहीर को नहीं मिली राहत







