रात में प्रेमिका से मिलने पहुंचा युवक, परिजनों ने पकड़ लिया; सुबह मंदिर में शहनाई बजा दी गई
जमुई के चकाई में प्रेमिका से मिलने देर रात पहुंचे युवक को परिजनों ने पकड़ लिया और पुलिस को सौंप दिया।


जमुई: जमुई के चकाई प्रखंड क्षेत्र के रामचंद्रडीह गांव में गुरुवार देर रात प्रेमिका से मिलने पहुंचे एक युवक को उसके परिजनों ने पकड़ लिया। मामला पुलिस तक पहुंचा तो दोनों पक्षों के बीच बातचीत और पंचायत हुई। इसके बाद शुक्रवार को दोनों परिवारों और ग्रामीणों की सहमति से प्रेमी युगल की शादी गोला स्थित दुखिया महादेव मंदिर में करा दी गई। रात में शुरू हुआ यह मामला शुक्रवार को मंदिर में शहनाई और वरमाला के साथ सुखद अंत तक पहुंचा। शादी के दौरान दोनों परिवारों के लोग और ग्रामीण मौजूद रहे।
दो साल से चल रहा था प्रेम-प्रसंग
जानकारी के अनुसार, फरियताडीह पंचायत के कोल्हाडीह निवासी सुरेश पंडित के बेटे छोटू कुमार और रामचंद्रडीह निवासी कारू पंडित की बेटी प्रियांजलि कुमारी के बीच पिछले करीब दो वर्षों से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। बताया गया कि गुरुवार देर रात छोटू अपने एक दोस्त के साथ प्रियांजलि से मिलने उसके घर पहुंचा था। दोनों की मुलाकात की भनक घरवालों को लग गई।
आहट से खुली परिजनों की नींद, दोनों को पुलिस को सौंपा
रात में कमरे से आहट होने पर प्रियांजलि के परिजनों की नींद खुल गई. परिवार के लोगों ने युवक को पकड़ लिया. इसके बाद दोनों को चकाई थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया। मामला थाने पहुंचने के बाद दोनों पक्षों के लोगों के बीच बातचीत शुरू हुई। पंचायत में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने दोनों परिवारों को समझाया और मामले को शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाने की पहल की।
फरियताडीह पंचायत के पूर्व मुखिया प्रतिनिधि राजेंद्र यादव, रामचंद्रडीह पंचायत के सरपंच नरसिंह पासवान, जयनंदन प्रसाद समेत दोनों गांवों के कई प्रबुद्ध लोग इस दौरान मौजूद रहे.
पंचायत के बाद मंदिर में कराई गई शादी
दोनों पक्षों की सहमति बनने के बाद शुक्रवार को छोटू कुमार और प्रियांजलि कुमारी की शादी गोला स्थित दुखिया महादेव मंदिर में कराई गई। वैदिक मंत्रोच्चार और हिंदू रीति-रिवाजों के बीच दोनों ने एक-दूसरे को जीवनसाथी के रूप में स्वीकार किया। शादी के दौरान छोटू ने प्रियांजलि की मांग में सिंदूर भरा। इसके बाद दोनों परिवारों और ग्रामीणों ने नवविवाहित जोड़े को आशीर्वाद दिया।
‘दो साल से प्यार करते हैं, अपनी मर्जी से हुई शादी’
शादी के बाद नवदंपति ने कहा कि वे पिछले दो वर्षों से एक-दूसरे से प्यार करते हैं। दोनों के मुताबिक, शादी किसी दबाव में नहीं हुई है, बल्कि यह उनकी अपनी इच्छा और दोनों परिवारों की सहमति से संपन्न हुई। नवदंपति ने कहा कि वे अपने नए जीवन को लेकर खुश हैं। वहीं, मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने भी दोनों को शुभकामनाएं दीं और आशीर्वाद देकर विदा किया। इस तरह जिस मामले की शुरुआत देर रात युवक के प्रेमिका से मिलने पहुंचने और पकड़े जाने से हुई थी, उसका अंत अगले दिन मंदिर में शादी और परिवारों की सहमति के साथ हुआ।

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.









