जन्माष्टमी पर कृष्ण भक्ति में डूबे स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार, हाथ में माइक लेकर गाया भजन
टना के इस्कॉन मंदिर में जन्माष्टमी मनाने पहुंचे स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार कृष्ण भक्ति में लीन नजर आए। उन्होंने हाथ में माइक लेकर भजन गाया और युवाओं से ड्रग्स, शराब, सिगरेट और तंबाकू से दूर रहने की अपील की।


पटना: श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के मौके पर बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार शुक्रवार को पटना के इस्कॉन मंदिर पहुंचे।यहां उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और प्रदेशवासियों की सुख, शांति और समृद्धि की कामना की. इस दौरान मंत्री कृष्ण भक्ति में पूरी तरह लीन नजर आए और हाथ में माइक लेकर मंदिर में भजन भी गाया। मंत्री को भजन गाते देख मंदिर में मौजूद श्रद्धालु भी भक्ति में झूम उठे और भजन-कीर्तन में शामिल हो गए. जन्माष्टमी के अवसर पर इस्कॉन मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे थे।
हाथ में माइक थामा और गाने लगे भजन
पूजा-अर्चना के बाद स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने मंदिर में भजन-कीर्तन में हिस्सा लिया. उन्होंने हाथ में माइक थामा और भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति में भजन गाने लगे। इस दौरान वहां मौजूद श्रद्धालुओं ने भी उनका साथ दिया। मंदिर परिसर में काफी देर तक भजन-कीर्तन का माहौल बना रहा।मंत्री ने भगवान श्रीकृष्ण से बिहार के लोगों के सुख, शांति और समृद्धि की प्रार्थना की।
धार्मिक कार्यक्रम के बाद स्वास्थ्य मंत्री ने युवाओं को लेकर भी महत्वपूर्ण संदेश दिया. उन्होंने बिहार के युवाओं से ड्रग्स, गांजा, शराब, सिगरेट और तंबाकू से दूर रहने की अपील की। निशांत कुमार ने कहा कि जीवन ईश्वर की देन है और इसे नशे की लत में बर्बाद नहीं करना चाहिए। युवाओं को अपनी ऊर्जा पढ़ाई, करियर और सकारात्मक एवं रचनात्मक गतिविधियों में लगाने की सलाह देते हुए उन्होंने कहा कि यही उनके बेहतर भविष्य का आधार बनेगा।
‘आपकी जान बहुत कीमती है’
स्वास्थ्य मंत्री ने युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि उनकी जिंदगी बेहद कीमती है।किसी भी तरह का नशा स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक है और इससे व्यक्ति का भविष्य भी प्रभावित हो सकता है। उन्होंने युवाओं से पढ़ाई के साथ अच्छे संस्कार और अनुशासन को भी अपने जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की। उनका कहना था कि युवाओं के पास आगे बढ़ने के लिए पर्याप्त समय और ऊर्जा है, इसलिए इसका इस्तेमाल सही दिशा में किया जाना चाहिए।
तंबाकू से कैंसर के खतरे पर जताई चिंता
निशांत कुमार ने तंबाकू के सेवन से होने वाले स्वास्थ्य नुकसान को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि तंबाकू का सेवन कई गंभीर बीमारियों का कारण बन सकता है और इससे कैंसर का खतरा भी बढ़ता है। उन्होंने लोगों से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और शुरुआत से ही नशे तथा तंबाकू से दूरी बनाए रखने की अपील की। खास तौर पर युवाओं को इन चीजों से बचने का संदेश देते हुए उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर और सकारात्मक सोच के साथ ही बेहतर भविष्य का निर्माण किया जा सकता है।
जन्माष्टमी को लेकर पटना के इस्कॉन मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए बड़ी संख्या में लोग मंदिर पहुंचे। इसी दौरान स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार भी मंदिर पहुंचे और भगवान श्रीकृष्ण की पूजा की। भजन-कीर्तन में शामिल होने के साथ उन्होंने नशामुक्त और स्वस्थ समाज का संदेश भी दिया।

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.









