गढ़वा में भू-माफियाओं का आतंक: हथियार के बल पर चंद्रवंशी परिवार की जमीन कब्जाने की कोशिश
गढ़वा के चेतना गांव में एक चंद्रवंशी परिवार की 75 साल पुरानी जमीन पर दबंगों द्वारा जबरन कब्जे का प्रयास किया जा रहा है. पीड़ित परिवार ने मुख्यमंत्री को आवेदन भेजकर न्याय की गुहार लगाई है.

Garhwa, Jharkhand: जिले के चेतना गांव से भू-माफियाओं के हौसले बुलंद होने का एक गंभीर मामला सामने आया है. यहां करीब 75 सालों से जिस जमीन पर एक चंद्रवंशी परिवार रह रहा है, आज उसी जमीन को बचाने के लिए पूरा परिवार डर और बेबसी के साये में जीने को मजबूर है. पीड़ित परिवार ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को आवेदन भेजकर गुहार लगाई है कि कुछ दबंग लोग उनकी जमीन पर जबरन कब्जा करना चाहते हैं. परिवार का कहना है कि यह जमीन पूरी तरह से खरीदी हुई है और इसके सारे वैध कागजात उनके पास मौजूद हैं, इसके बावजूद उन्हें लगातार धमकियां दी जा रही हैं.

घर में घुसकर धमकी और बदसलूकी का आरोप
पीड़ित परिवार का आरोप है कि दबंग लोग उनके घर पहुंचकर जमीन छोड़ने का दबाव बना रहे हैं और ऐसा न करने पर जान से मारने की धमकी दे रहे हैं. आवेदन में महिलाओं और बच्चों के साथ बदसलूकी करने तथा जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल कर अपमानित करने का भी गंभीर आरोप लगाया गया है. परिवार ने अपनी सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए आवेदन में लिखा है कि डर के कारण घर का कोई भी सदस्य रात में चैन से सो नहीं पाता है. उन्होंने यह भी चेतावनी दी है कि यदि उन्हें न्याय नहीं मिला, तो पूरा परिवार आत्महत्या करने जैसा आत्मघाती कदम उठाने को मजबूर हो सकता है.
कार्रवाई के दावों के बीच बढ़ता जमीनी विवाद
यह मामला ऐसे समय में सामने आया है जब एक तरफ जिला प्रशासन पूरे राज्य में भू-माफियाओं की सूची तैयार कर उन पर कार्रवाई करने का दावा कर रहा है. लेकिन दूसरी तरफ जमीनी हकीकत यह दिख रही है कि माफियाओं की सक्रियता दिनों-दिन बढ़ती जा रही है. सामने आए विजुअल्स में देखा जा सकता है कि बड़ी-बड़ी गाड़ियों में सवार होकर आए लोग किस तरह एक परिवार को डरा-धमका रहे हैं. इस घटना ने क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और गरीबों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
विधायक ने डीसी और एसपी से की मुलाकात
इस संवेदनशील मामले को लेकर गढ़वा के भाजपा विधायक सत्येंद्र नाथ तिवारी ने तत्परता दिखाई है. उन्होंने जिले के उपायुक्त (DC) और पुलिस अधीक्षक (SP) से मुलाकात कर इस पूरे मामले की जानकारी दी और दोषियों पर त्वरित कार्रवाई करने की मांग की है. विधायक ने कहा कि क्षेत्र में भू-माफिया पूरी तरह बेलगाम हो चुके हैं और हथियार के बल पर लोगों को डरा-धमकाकर जमीनों पर अवैध कब्जा कर रहे हैं, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. फिलहाल, सबकी निगाहें प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं.
(गढ़वा से अतुल धर दुबे की रिपोर्ट)
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

पाकुड़ पुलिस का बड़ा एक्शन: 72 घंटे में चोरी की तीन बड़ी वारदातों का खुलासा, 6 शातिर गिरफ्तार

झारखंड क्रिकेट प्रेमियों के लिए खुशखबरी: शुरू होने जा रहा है JPL, उभरते खिलाड़ियों की प्रतिभा को मिलेगा बेहतरीन मंच







