Jharkhand (Godda): जिले से एक शर्मनाक मामला सामने आया है, जहां ज्ञान के मंदिर कहे जाने वाले स्कूल की मर्यादा को तार-तार कर दिया गया। जिले के हनवारा थाना क्षेत्र के मिल्लत कॉलेज परसा में गणतंत्र दिवस को लेकर सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया था. स्कूल परिसर में 77वें गणतंत्र दिवस के शुभ अवसर पर जश्न के नाम पर अश्लील गानों पर जमकर ठुमके लगाए।

इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. मिल्लत कॉलेज परसा के सरकारी स्कूल परिसर में फूहड़ डांस और अश्लील भोजपुरी गानों पर अश्लील डांस स्टेप्स पर लोग खूब तालियां बजा रहे हैं। इस वीडियो पर डीजे की तेज आवाज में बजते म्यूजिक और गाने- चढ़ल जवानी बा सुन ल मकईया में राजा जी, बलमा दर्द न जाने, राजा जी के दिलवा टूट जाईं जैसे भोजपुरी अश्लील गानों पर नृत्य करते छात्रों को देखा जा सकता है.

गणतंत्र दिवस के मौके पर छात्रों द्वारा इस तरह की अश्लील पेशकश ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है और लोगों के द्वारा कई प्रकार की प्रतिक्रियाएं भी दी जा रही हैं. लोग इस कृत्य को अशोभनीय ही नहीं बल्कि समाज को गलत संदेश देने वाला भी बता रहे हैं. सवाल कॉलेज प्रबंधन से किया जा रहा है कि इस मौके पर ऐसे प्रदर्शनों को अनुमति कैसे दे दी गई. वहीं इस पर खबर लिखे जाने तक कॉलेज की ओर से कोई बयान सामने नहीं आई है.
रिपोर्ट: प्रिंस यादव









