Giridih: गिरिडीह में आज, 5 फरवरी 2026 (गुरुवार) को एक सड़क हादसा हुआ. जिसमें एक स्कूल वैन अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई. जिसकी चपेट में आने से तीन बच्चे गंभीर रुप से घायल हो गए हैं. सभी घायल बच्चों को इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया है जहां इलाज चल रहा है. 
बता दें, यह सड़क हादसा जिले के तिसरी थाना इलाके स्थित गांधी मैदान के पास हुआ. बताया जा रहा है कि गुरुवार सुबह तिसरी के उज्ज्वल पब्लिक स्कूल का स्कूली वैन बच्चों को लेकर तेज रफ्तार में जा रही थी तभी गांधी मैदान के पास PCC सड़क के किनारे पड़े गड्ढे की वजह से वैन पलट गई. इस हादसे में तीन बच्चों को चोट आई हैं. वहीं इस हादसे के बाद तुरंत स्थानीय ग्रामीणों ने वैन में फंसे सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला.
हादसे को लेकर परिजनों और ग्रामीणों ने बताया कि उज्ज्वल पब्लिक स्कूल का वैन (गाड़ी नंबर- JH10BT3853) प्रतिदिन की भांति बुटवरिया से करीब 10 की संख्या में बच्चों को बैठाकर रफ्तार में स्कूल की ओर जा रहा था इसी बीच वह नवनिर्मित पीसीसी सड़क के मोड़ पर अनियंत्रित हो गड्ढे में जा पलटी. परिजनों ने कहा कि इससे पहले वैन चालक को चेताया गया है कि वो धीरे गाड़ी चलाए. वहीं ग्रामीणों ने इस घटना की वजह सड़क किनारे गड्ढे को नहीं भरा जाना बताया.
इस हादसे में घायल बच्चों में तिसरी के बुटवरिया निवासी मुस्कान कुमारी (12 वर्ष), पिता- गणेश पासवान; बिपिन सिंह (8 वर्ष) पिता- शारदा सिंह और मरिता बेसरा (10 वर्ष) के नाम शामिल हैं. जिसके बाद सभी को इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तिसरी लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी को घर भेज दिया गया. वहीं मामले की जानकारी के बाद मौके पर पहुंची तिसरी पुलिस आगे की जांच में जुट गई है.
रिपोर्ट- मनोज कुमार पिंटू








