रांची का सबसे हाई-प्रोफाइल चोरी कांड, 65 लाख के गहने, जगुआर और 'लेडी' का खेल..., अब कोर्ट में फंसा पेच!
रांची के अशोकनगर चोरीकांड में शकीला उर्फ लेडी और कबीर खान ने जमानत याचिका दाखिल की है। कोर्ट ने अपडेटेड केस डायरी मांगी और अगली सुनवाई 20 अगस्त को तय की।

Ranchi: रांची के हाई-प्रोफाइल अशोकनगर चोरी कांड में गिरफ्तार महिला आरोपी शकीला उर्फ लेडी और कबीर खान की ओर से कोर्ट में जमानत याचिका दाखिल की गई है। इस याचिका पर AJC शैलेंद्र कुमार की अदालत में सुनवाई हुई। सुनवाई के दौरान अदालत ने अरगोड़ा थाना पुलिस को पूरे मामले की अपडेटेड केस डायरी प्रस्तुत करने का कड़ा निर्देश दिया है। इसके बाद अभियोजन पक्ष की ओर से तैयारी के लिए थोड़ा समय मांगा गया, जिसे स्वीकार करते हुए अदालत ने मामले की अगली सुनवाई के लिए 20 अगस्त की तारीख तय कर दी है। आपको बता दें कि रांची पुलिस ने गिरोह के सरगना इरफान की पत्नी शकीला उर्फ लेडी, उसकी महिला मित्र गुलशन परवीन और कबीर खान को गिरफ्तार किया था, जिनके पास से 17.36 लाख रुपये नकद, लगभग 65 लाख के सोने-चांदी के गहने और चोरी में इस्तेमाल की गई लक्जरी जगुआर कार जब्त की गई थी।
लग्जरी जगुआर कार से आकर की थी रेकी, फिर साफ कर दिया था हाथ
यह पूरा मामला 8 जुलाई 2026 का है, जब अशोक नगर के रोड नंबर-4 स्थित 'सौभाग्य' आवास (मकान नंबर 362/ए) में देश भर में 80 से अधिक हाई-प्रोफाइल चोरियों को अंजाम देने वाले शातिर चोर मो इरफान उर्फ उजाला उर्फ बाबा ने अपने गुर्गों के साथ धावा बोला था। यह मकान त्रिवेणी समूह के प्रमुख बिल्डर आशुतोष पांडेय का है। बिहार के सीतामढ़ी का रहने वाला मास्टरमाइंड इरफान अपनी लक्जरी जगुआर कार से अपने साथियों के साथ अशोक नगर पहुंचा था। वारदात को अंजाम देने से पहले आरोपियों ने बाकायदा घर की रेकी की थी और फिर मौका मिलते ही करोड़ों के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया था।
राजस्थान पुलिस भी कर रही खूंखार मास्टरमाइंड की तलाश
मास्टरमाइंड मो इरफान और उसका गिरोह किसी एक शहर तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरा देश इनका निशाना रहा है। रांची में इस बड़ी वारदात को अंजाम देने से ठीक पहले इस गैंग ने राजस्थान के जयपुर में भी चोरी की एक बहुत बड़ी घटना को अंजाम दिया था। अब झारखंड पुलिस के साथ-साथ राजस्थान पुलिस भी इस मास्टरमाइंड इरफान की सरगर्मी से तलाश कर रही है। फिलहाल इरफान की पत्नी, महिला मित्र और कबीर खान सलाखों के पीछे हैं और पुलिस पूरे सिंडिकेट को खत्म करने में जुटी हुई है।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

'पति आरोपी तो पत्नी की गाड़ी आतंकी संपत्ति नहीं!', आम्रपाली-मगध कोयला लेवी केस में JH हाईकोर्ट का बड़ा फैसला

"गोली मारी, फिर भट्ठी में जलाया...", रांची में डायन-बिसाही मामले में आरोपी निरंजन अहीर को नहीं मिली राहत







