पलामू में NH किनारे होटल-ढाबों पर पुलिस का औचक छापामारी अभियान, 30 शराब की बोतलें जब्त
छत्तरपुर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी प्रशांत कुमार के नेतृत्व में अनुमंडल क्षेत्र के कुल 11 होटल एवं ढाबों की जांच की गई। जांच के दौरान कुछ स्थानों पर अवैध शराब बरामद हुई।

Palamu... News जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग (NH) और प्रमुख सड़कों के किनारे संचालित होटल एवं ढाबों में अवैध शराब की बिक्री और भंडारण के खिलाफ पलामू पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी के निर्देश पर 7 सितंबर की रात जिले के सभी थाना क्षेत्रों में एक साथ विशेष एवं औचक छापामारी अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने NH एवं प्रमुख मार्गों के किनारे स्थित होटल और ढाबों को विशेष रूप से जांच के दायरे में लिया। पुलिस ने यहां शराब के अवैध भंडारण और बिक्री की आशंका को लेकर सघन तलाशी ली। इसके साथ ही संदिग्ध गतिविधियों पर भी विशेष निगरानी रखी गई। 11 होटल-ढाबों की हुई जांच इसी अभियान के तहत छत्तरपुर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी प्रशांत कुमार के नेतृत्व में अनुमंडल क्षेत्र के कुल 11 होटल एवं ढाबों की जांच की गई। जांच के दौरान कुछ स्थानों पर अवैध शराब बरामद हुई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कुल 30 शराब की बोतलें जब्त की हैं। बरामद शराब के संबंध में संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई के लिए उत्पाद विभाग को पत्राचार किया गया है। पुलिस की इस कार्रवाई से होटल-ढाबा संचालकों और अवैध शराब कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा हुआ है। सड़क दुर्घटनाओं और असामाजिक गतिविधियों पर रोक लगाने का उद्देश्य पलामू पुलिस के अनुसार, इस विशेष अभियान का उद्देश्य केवल अवैध शराब की बिक्री पर रोक लगाना ही नहीं है, बल्कि शराब के सेवन के कारण होने वाली सड़क दुर्घटनाओं को कम करना भी है। NH और प्रमुख मार्गों के किनारे स्थित होटल-ढाबों में शराब की अवैध बिक्री से वाहन चालकों और अन्य लोगों के नशे में वाहन चलाने की आशंका बनी रहती है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ सकता है। इसके अलावा सार्वजनिक स्थानों पर नशे के कारण होने वाली अप्रिय घटनाओं को रोकना और असामाजिक एवं शरारती तत्वों पर प्रभावी अंकुश लगाना भी अभियान का प्रमुख उद्देश्य है। अवैध शराब कारोबार पर पुलिस की सख्त नजर पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने स्पष्ट किया है कि होटल, ढाबा या किसी अन्य स्थान पर अवैध शराब की बिक्री और भंडारण किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा है कि अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी लगातार विशेष और औचक अभियान चलाया जाएगा तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की इस कार्रवाई से साफ है कि NH और प्रमुख मार्गों के किनारे संचालित होटल-ढाबों में अवैध शराब की बिक्री और भंडारण को लेकर प्रशासन सख्त रुख अपना रहा है। आने वाले दिनों में भी ऐसे स्थानों पर अचानक जांच और छापामारी जारी रहने की संभावना है।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.






