गुजरात से छुट्टी पर गिरिडीह आए युवक की मौत, नदी किनारे मिली लाश
गिरिडीह जिले के गांडेय थाना इलाके से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है।
Giridih: गिरिडीह जिले के गांडेय थाना इलाके से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। मंगलवार की सुबह झरगट्टा नदी किनारे 27 वर्षीय युवक दीपक बरनवाल उर्फ गोलू का शव संदिग्ध हालत में पड़ा मिला। शव मिलने की खबर फैलते ही इलाके में लोगों की भारी भीड़ जुट गई। मृतक शहर के नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत बरमसिया रोड का रहने वाला था।
शव के पास पड़ा मिला मोबाइल और चिल्लम, परिजनों में मचा कोहराम
घटनास्थल पर मृतक के शव के पास ही उसका मोबाइल फोन, चिल्लम और कुछ अन्य निजी सामान भी बरामद हुआ है। मौके से मिले मोबाइल फोन की मदद से पुलिस ने मृतक की शिनाख्त की और गांडेय थाना प्रभारी आनंद सिंह ने तुरंत उसकी मां को घटना की सूचना दी। खबर मिलते ही बदहवास परिजन सदर अस्पताल पहुंचे, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल है।
गुजरात से 15 दिन पहले ही लौटा था घर
परिजनों से मिली जानकारी के मुताबिक, दीपक गुजरात में रहकर नौकरी करता था और करीब 15 दिन पहले ही छुट्टी पर अपने घर गिरिडीह आया हुआ था। उसके पिता गढ़वा में काम करते हैं, जबकि एक भाई भी गुजरात में ही कार्यरत है। बताया जा रहा है कि रविवार की रात करीब 10 बजे दीपक अपनी मां से थोड़ी देर में बाहर से आने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। मंगलवार सुबह सीधे नदी किनारे उसका शव मिलने की मनहूस खबर आई।
हत्या या डूबने से मौत, हर पहलू की पड़ताल में जुटी पुलिस
युवक की किसी ने हत्या कर शव को नदी किनारे फेंका है या फिर नदी में डूबने से उसकी जान गई है, यह रहस्य अभी तक नहीं सुलझ सका है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। गांडेय पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और तकनीकी जांच के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो पाएगी। फिलहाल पुलिस हर संभावित एंगल से मामले की बारीकी से तफ्तीश कर रही है।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.






