Godda (Jharkhand): गोड्डा में होली और ईद के मद्देनज़र कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने और आपसी भाईचारा कायम रखने के उद्देश्य से बलबड्डा थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक थाना प्रभारी पंकज सिंह की अध्यक्षता में हुई. इस दौरान बैठक में विभिन्न पंचायतों के जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और स्थानीय बुद्धिजीवी बड़ी संख्या में मौजूद रहे.
थाना प्रभारी पंकज सिंह ने कहा कि होली आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक सद्भाव का पर्व है. इसे शांति और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है. उन्होंने स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान असामाजिक तत्वों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी और गड़बड़ी फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
बैठक में मौजूद जनप्रतिनिधियों ने भी प्रशासन को हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया. किसी भी विवाद या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस प्रशासन को देने को कहा गया पुलिस प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि त्योहारों के दौरान क्षेत्र में गश्ती बढ़ाई जाएगी और संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी रखी जाएगी, ताकि होली और ईद का पर्व शांतिपूर्ण और भाईचारे के माहौल में संपन्न हो सकें.
रिपोर्ट- प्रिंस यादव








