सिर्फ जरूरतमंदों को मिलेगा अनाज!, धनबाद में 23 हजार से ज्यादा राशन कार्ड होंगे रद्द, DC ने दिए निर्देश
धनबाद जिला प्रशासन ने सरकारी नौकरी, आयकरदाता और उच्च ग्रॉस टर्नओवर श्रेणी के अपात्र लाभुकों के 23,612 राशन कार्ड रद्द करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

Dhanbad News: झारखंड के धनबाद जिले में सरकारी नियमों को ताक पर रखकर राशन का लाभ ले रहे अपात्र लोगों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है। जिले में कुल 23,612 राशन कार्डों को निरस्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। यह पूरी कार्रवाई खाद्य, सार्वजनिक वितरण व उपभोक्ता मामले विभाग से मिले निर्देशों के आधार पर की जा रही है।
KPI के आधार पर हुई पहचान
जिला उपायुक्त (DC) आदित्य रंजन ने जानकारी देते हुए बताया कि विभाग के की-परफॉर्मेंस इंडिकेटर (KPI) के आधार पर उन लोगों की पहचान की गई है जो सरकारी नौकरी, आयकरदाता (Income Tax Payer) या उच्च ग्रॉस टर्नओवर की श्रेणी में आते हैं। ये सभी झारखंड लक्षित जन वितरण प्रणाली (नियंत्रण) आदेश, 2024 के दायरे में आते हैं। नियमों के तहत इन अपात्र व्यक्तियों के साथ-साथ उनके परिवार के अन्य सभी सदस्यों के नाम पर जारी राशन कार्ड भी रद्द किए जाएंगे।
सूची में कौन-कौन शामिल?
1: 21,996 आयकरदाता (Taxpayers)
2:1,493 ग्रॉस टर्नओवर श्रेणी के कारोबारी
3: 123 सरकारी कर्मचारी शामिल हैं।
केवल जरूरतमंदों को मिले योजना का लाभ
DC आदित्य रंजन ने स्पष्ट किया है कि इस सख्त कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य यही सुनिश्चित करना है कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) के तहत मिलने वाले खाद्यान्न और अन्य लाभों का हकदार कोई संपन्न व्यक्ति न बने, बल्कि यह केवल जरूरतमंद और गरीब परिवारों तक ही पहुंचे। प्रशासन के इस कदम से फर्जी तरीके से राशन उठाव करने वालों में हड़कंप मच गया है।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.









