CM हेमंत सोरेन से मिलीं नीरा यादव और अमित यादव, कहा- मांगें नहीं मानीं तो सड़क से सदन तक होगा संघर्ष
कोडरमा विधायक डॉ. नीरा यादव और बरकट्ठा विधायक अमित कुमार यादव ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात कर कोडरमा के कॉलेजों को विनोबा भावे विश्वविद्यालय, हजारीबाग से संबद्ध रखने की मांग की।

Koderma: कोडरमा की विधायक डॉ. नीरा यादव ने एक बार फिर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात कर जिले की शिक्षा व्यवस्था से जुड़ी एक अहम मांग उठाई है। उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि कोडरमा जिले के सभी महाविद्यालयों (कॉलेजों) को पूर्व की तरह विनोबा भावे विश्वविद्यालय (VBU), हजारीबाग से ही संबद्ध रखा जाए। इस मुलाकात के दौरान उनके साथ बरकट्ठा विधायक अमित कुमार यादव भी मौजूद रहे। दोनों विधायकों ने संयुक्त रूप से मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपकर छात्रहित में जल्द से जल्द आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की।
गिरिडीह की दूरी 120 किमी, छात्रों पर पड़ेगा भारी बोझ
विधायक डॉ. नीरा यादव ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि कोडरमा जिले के सभी कॉलेज वर्ष 1992 से ही विनोबा भावे विश्वविद्यालय, हजारीबाग के अधीन संचालित हैं। लेकिन वर्तमान में इन कॉलेजों को नवस्थापित सर जेसी बोस विश्वविद्यालय, गिरिडीह से संबद्ध करने की प्रक्रिया चल रही है। उन्होंने तर्क दिया कि कोडरमा से हजारीबाग की दूरी मात्र 58 किलोमीटर है, जबकि गिरिडीह की दूरी 120 से 125 किलोमीटर है। इतनी अधिक दूरी होने के कारण विद्यार्थियों को अनावश्यक शारीरिक, मानसिक और आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ेगा।
ड्रॉपआउट बढ़ने की आशंका
डॉ. नीरा यादव ने मुख्यमंत्री का ध्यान नई शिक्षा नीति (NEP) की ओर भी आकृष्ट कराया। उन्होंने कहा कि नई शिक्षा नीति के तहत चार वर्षीय स्नातक पाठ्यक्रम के चौथे वर्ष में छात्रों को सीधे विश्वविद्यालय स्तर पर अध्ययन और विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियों में हिस्सा लेना अनिवार्य है। गिरिडीह की दूरी अधिक होने के कारण विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के विद्यार्थियों की पढ़ाई बुरी तरह प्रभावित होगी, जिससे ड्रॉपआउट (पढ़ाई बीच में छोड़ने) की आशंका काफी बढ़ जाएगी।
बंद पड़े डिग्री कॉलेजों को शुरू कराने की भी मांग
छात्रों की इस प्रमुख मांग को लेकर विधायक ने उच्च एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू को भी पत्र सौंपकर सकारात्मक पहल का आग्रह किया है। इसके अलावा, मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान विधायक ने कोडरमा इंजीनियरिंग कॉलेज सहित सतगावां, मरकच्चो, डोमचांच और चंदवारा में वर्षों से भवन बनकर तैयार पड़े डिग्री कॉलेजों को भी शीघ्र चालू कराने की मांग उठाई। साथ ही जिले में बढ़ रही आपराधिक घटनाओं और अन्य जन समस्याओं से भी सीएम को अवगत कराया।
मांग पूरी न होने पर सड़क से सदन तक संघर्ष की चेतावनी
डॉ. नीरा यादव ने उम्मीद जताई कि राज्य सरकार विद्यार्थियों के हितों को सर्वोपरि रखते हुए इस दिशा में जल्द कोई सकारात्मक निर्णय लेगी। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट शब्दों में यह चेतावनी भी दी है कि यदि इस मामले का शीघ्र समाधान नहीं किया गया, तो वे छात्रों के हक के लिए सड़क से लेकर सदन तक कड़ा संघर्ष करेंगी। उन्होंने कहा कि वे आगामी विधानसभा सत्र में भी इस मुद्दे को प्रमुखता के साथ उठाएंगी और छात्रों के हितों से कोई समझौता नहीं होने देंगी।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.









