बैंक खाते से कट रहे थे पैसे...पिता बैंक चेक करने गए और मोबाइल गेम खेलने वाले बेटे की हो गई संदिग्ध मौत!
जमुई के लक्ष्मीपुर में 9वीं कक्षा के 15 वर्षीय छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों के मुताबिक, छात्र पिता के मोबाइल पर गेम खेलता था और खाते से पैसे कटने को लेकर परिवार चिंतित था।


जमुई: बच्चों में मोबाइल गेमिंग और ऑनलाइन ट्रांजैक्शन को लेकर बढ़ती चिंता के बीच जमुई से एक दुखद मामला सामने आया है। लक्ष्मीपुर थाना क्षेत्र के केनुहट इलाके में शुक्रवार को नौवीं कक्षा के 15 वर्षीय छात्र जीवन कुमार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, वहीं पूरे इलाके में भी शोक का माहौल है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जमुई सदर अस्पताल भेजा. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस का कहना है कि मौत की वास्तविक वजह जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
पिता के मोबाइल पर गेम खेलता था छात्र
मृत छात्र की पहचान जीवन कुमार, पिता लाल कुमार सिंह के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, जीवन अपने पिता के मोबाइल फोन पर गेम खेलता था. पिछले कुछ दिनों से मोबाइल से जुड़े बैंक खाते से लगातार पैसे कटने की जानकारी परिवार को मिल रही थी।
परिजनों को आशंका थी कि मोबाइल पर गेम खेलने के दौरान किसी तरह का ट्रांजैक्शन हुआ होगा। इसी की जानकारी लेने के लिए जीवन के पिता शुक्रवार को बैंक गए थे।
पिता बैंक गए तो घर में मिली छात्र की मौत की खबर
मृतक के चाचा बबन कुमार सिंह ने बताया कि जीवन के पिता बैंक गए हुए थे। इसी दौरान घर में उसके साथ हुई घटना की जानकारी परिवार को मिली। चाचा के मुताबिक, जीवन के छोटे भाई ने उसे फंदे से लटका देखा और इसकी जानकारी पिता को दी।
परिजनों का कहना है कि बैंक खाते में हुए लेनदेन की जानकारी सामने आने को लेकर जीवन डर या तनाव में रहा होगा। हालांकि, यह केवल परिवार की आशंका है।पुलिस ने अभी तक इसे मौत की वजह के तौर पर पुष्टि नहीं की है। स्थानीय लोगों के अनुसार, जीवन पढ़ाई में काफी होनहार था। वह पढ़ने-लिखने में तेज था और सामान्य रूप से परिवार के साथ रहता था। अचानक उसकी मौत की खबर से ग्रामीण भी स्तब्ध हैं। लोगों का कहना है कि आखिर ऐसी कौन सी परिस्थिति बनी, जिससे छात्र की जान चली गई, यह जांच का विषय है।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही लक्ष्मीपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा। लक्ष्मीपुर थानाध्यक्ष आलोक कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
पुलिस की जांच में छात्र के मोबाइल फोन, बैंक खाते से हुए संदिग्ध लेनदेन और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों को भी शामिल किया जा सकता है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि छात्र की मौत की वास्तविक वजह क्या थी। फिलहाल इस घटना ने परिवार के साथ-साथ स्थानीय लोगों को भी झकझोर दिया है। पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है।

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

500-500 के नोटों की गड्डी लेकर बाढ़ पीड़ितों के बीच पहुँचें पप्पू यादव, देखिए लोगो से क्या कह रहे है पप्पू यादव!

बार बालाओं के डांस पर पैसे उड़ाते दिखे दो ASI, वीडियो वायरल हुआ तो...







