कृष्ण बनकर लीला करने वाले थे, गले की मोती माला ने जीवन लीला ही समाप्त कर दी !
रोहतास के कोचस में जन्माष्टमी के दिन भगवान श्रीकृष्ण के रूप में सजे छह वर्षीय आर्यन यादव की मौत हो गई।


रोहतास: रोहतास के कोचस में जन्माष्टमी के दिन एक दर्दनाक हादसे में छह साल के मासूम की मौत हो गई। परिवार ने बच्चे को भगवान श्रीकृष्ण के रूप में सजाया था। इसी दौरान उसके गले में पहनी मोतियों की माला का एक मोती मुंह में चला गया और सांस की नली में फंस गया। बच्चे को सांस लेने में परेशानी होने लगी. परिजन उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना कोचस थाना क्षेत्र की नरवर पंचायत के भगीरथा गांव की है। मृतक की पहचान विमलेश यादव के छह वर्षीय बेटे आर्यन यादव के रूप में हुई है।
जन्माष्टमी पर कान्हा बने थे आर्यन
जानकारी के अनुसार, जन्माष्टमी के अवसर पर परिवार ने आर्यन को भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप में सजाया था। बच्चे को कृष्ण के गेटअप में तैयार करने के बाद उसके गले में मोतियों की माला भी पहनाई गई थी। इसी दौरान आर्यन ने माला का एक मोती निगल लिया। मोती सांस की नली में फंसने के बाद बच्चे की हालत बिगड़ने लगी और उसे सांस लेने में परेशानी होने लगी।
अस्पताल में इलाज के दौरान मौत
बच्चे की हालत बिगड़ते देख परिजन उसे आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, कोचस लेकर पहुंचे। अस्पताल की इमरजेंसी में डॉक्टरों ने तुरंत उसका इलाज शुरू किया, लेकिन उसकी स्थिति गंभीर थी। चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अजीत कुमार ने बताया कि बच्चे की सांस की नली में मोती का दाना फंस गया था। इसके कारण उसकी श्वसन प्रणाली बाधित हो गई और बच्चे को सांस लेने में दिक्कत हुई। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
परिवार में छाई जन्माष्टमी की खुशियों के बीच मातम
बताया गया कि विमलेश यादव भगीरथा गांव में किराये के मकान में रहकर मशरूम उत्पादन का काम करते हैं। वह अपने परिवार के साथ वहीं रहते हैं। हालांकि, परिवार के स्थायी पते की जानकारी फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है।
जिस दिन परिवार ने अपने मासूम बेटे को कान्हा के रूप में सजाकर जन्माष्टमी की खुशियां मनाई थीं, उसी दिन हादसे ने सब कुछ बदल दिया. बच्चे की मौत के बाद परिवार में मातम छा गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं मासूम की मौत से गांव में भी शोक का माहौल है।
यह घटना छोटे बच्चों को सजाते समय उनके गले में माला, मोती या अन्य छोटी वस्तुएं पहनाने को लेकर भी सावधानी की जरूरत की याद दिलाती है, क्योंकि ऐसी चीजें बच्चों के मुंह में जाने पर गंभीर खतरा पैदा कर सकती हैं।

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts
झारखंड के खनिज अधिकार पर कांग्रेस का हल्ला बोल, 7 सितंबर को रांची में बड़ी रैली ; प्रखंडों में भी होगा प्रदर्शन

जन्माष्टमी पर कृष्ण भक्ति में डूबे स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार, हाथ में माइक लेकर गाया भजन







