Jharkhand (Giridih): सरहुल, रामनवमी और ईद जैसे प्रमुख पर्वों को लेकर गिरिडीह जिला प्रशासन की तैयारियां तेज हो गई हैं. इसी कड़ी में नगर विकास मंत्री सह सदर विधायक सुदिव्य कुमार सोनू और मेयर प्रमिला मेहरा ने रविवार को अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर तैयारियों का जायजा लिया और कई आवश्यक निर्देश दिए.

बैठक में सदर एसडीएम श्रीकांत यशवंत, उप नगर आयुक्त प्रशांत लायक, बिजली विभाग के कार्यपालक अभियंता, एसडीपीओ जितवाहन, डीएसपी नीरज सिंह, अग्निशमन विभाग के अधिकारी व कर्मी सहित जेएमएम जिला अध्यक्ष संजय सिंह, नगर अध्यक्ष रॉकी सिंह और आनंद मिश्रा मौजूद रहे.
मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने बैठक के दौरान सभी अधिकारियों से तीनों पर्वों की तैयारियों को लेकर फीडबैक लिया. उन्होंने चेती छठ और आगामी दुर्गा पूजा को ध्यान में रखते हुए छठ घाटों की साफ-सफाई व्यवस्था तेज करने का निर्देश दिया. खासकर शहर के प्रमुख छठ घाटों पर विशेष ध्यान देने को कहा.
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि रामनवमी तक शहर में टोटो के कुछ रूट डायवर्ट किए जाएंगे. गिरिडीह स्टेशन जाने वाले यात्रियों को अब कालीबाड़ी और पद्म चौक के बजाय अंबेडकर चौक से बड़ा चौक होते हुए जाना होगा.
बैठक के बाद मंत्री, मेयर और अधिकारियों की टीम ने छठ घाटों की सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया. इसके साथ ही बरवाडीह ईदगाह पहुंचकर वहां की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया.
रिपोर्ट: मनोज कुमार पिंटू






