Jharkhand (Ranchi): क्षत्रिय गौरव एकता संघ के तत्वावधान में आगामी 15 मार्च, रविवार को विधान सभा मैदान में एक विशाल क्षत्रिय महा-समागम आयोजित किया जा रहा है. इस कार्यक्रम में राजस्थान के विधायक रविन्द्र सिंह भाटी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे. आयोजन में झारखण्ड के सभी पूर्व सांसद, पूर्व विधायक एवं वर्तमान विधायक भी भाग लेंगे.
आयोजकों के अनुसार, इस समागम में 25 से 30 हजार महिला-पुरुषों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है. कार्यक्रम को लेकर झारखंड के विभिन्न जिलों में उत्कृष्ट तैयारियां की जा रही हैं.
एकता और सशक्तिकरण मुख्य उद्देश्य
समागम का मुख्य उद्देश्य क्षत्रिय समाज को एक सूत्र में पिरोकर सामाजिक, राजनीतिक, आर्थिक एवं शैक्षणिक रूप से सशक्त बनाना है. आयोजकों का कहना है कि वर्तमान समय में समाज को संगठित होकर अपनी पहचान, विरासत, संस्कृति और संस्कारों की रक्षा करने की आवश्यकता है.

कार्यक्रम में चर्चा के ये होंगे मुख्य विषय
- क्षत्रिय समाज की राजनीतिक भागीदारी को मजबूत करने की रणनीति
- आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने के उपाय
- नई पीढ़ी को समाज की संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने के प्रयास
- समाज की आंतरिक कमियों को दूर करने पर विचार-विमर्श
- शिक्षा के क्षेत्र में बेटों-बेटियों के लिए विशेष पहल
- गरीब बेटियों के विवाह में सामाजिक सहयोग की रूपरेखा
- समाज की घटती संपत्ति एवं विरासत की सुरक्षा हेतु जागरूकता अभियान
- एकजुटता पर रहेगा विशेष जोर

आयोजकों ने कहा कि आज क्षत्रिय समाज को पुनः अपनी एकता और मजबूती स्थापित करने की जरूरत है, ताकि समाज अपने मान, स्वाभिमान और गौरव की रक्षा कर सके. समागम में इस बात पर विशेष बल दिया जाएगा कि किस प्रकार सामूहिक प्रयासों से समाज को संगठित और आत्मनिर्भर बनाया जा सकता है.
कार्यक्रम के सह-संयोजक एवं पूर्व एम.एल.सी. प्रवीन कुमार सिंह ने बताया कि यह समागम केवल एक सभा नहीं, बल्कि समाज के भविष्य की दिशा तय करने वाला मंच साबित होगा. उन्होंने समाज के सभी लोगों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस आयोजन को सफल बनाने की अपील की है.








