रांची NIA कोर्ट में टली रमेश सिंह मुंडा मर्डर केस की सुनवाई, जानिए अब किस दिन आएगा नया मोड़
रांची NIA कोर्ट में रमेश सिंह मुंडा हत्याकांड की सुनवाई टल गई। राजा पीटर समेत आरोपियों वाले इस हाई-प्रोफाइल केस में अब अगली सुनवाई 22 अगस्त को होगी।

Ranchi: झारखंड की राजधानी रांची स्थित सिविल कोर्ट में NIA के विशेष न्यायाधीश अभिमन्यु कुमार की अदालत में चर्चित पूर्व मंत्री रमेश सिंह मुंडा हत्याकांड मामले में सुनवाई टल गई है। अदालत में पूर्व विधायक गोपाल कृष्ण पातर उर्फ राजा पीटर के बयान दर्ज किए जाने के बाद मामले में आगे बहस होनी तय थी, लेकिन कोर्ट के व्यस्त शेड्यूल के कारण इस पर आगे की कार्यवाही नहीं हो सकी। अदालत ने अब इस हाई-प्रोफाइल मामले में अगली सुनवाई की तारीख 22 अगस्त तय की है।
राजा पीटर समेत कुंदन पाहन और कई दिग्गज आरोपी
इस चर्चित हत्याकांड में पूर्व मंत्री गोपाल कृष्ण पातर उर्फ राजा पीटर मुख्य आरोपियों में शामिल हैं। उनके अलावा खूंखार पूर्व नक्सली कुंदन पाहन, बलराम साहू उर्फ बोलो, राम मोहन सिंह मुंडा, कृष दांगी उर्फ सुशील दांगी, राजेश संथाल उर्फ राजेश दा, राधेश्याम बड़ाइक, प्रफुल्ल कुमार महतो उर्फ भक्ति महतो, टिपरू बुरमा और शेष नाथ सिंह जैसे नाम भी आरोपियों की सूची में दर्ज हैं। इससे पहले हुई सुनवाई के दौरान राजा पीटर को खुद कोर्ट में पेश किया गया था, जबकि अन्य सभी आरोपियों की पेशी VC यानी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कराई गई थी।
फुटबॉल मैच के मैदान में गोलियों से भून दिए गए थे विधायक
यह सनसनीखेज मामला 9 जुलाई 2008 का है, जब तमाड़ के तत्कालीन विधायक और पूर्व मंत्री रमेश सिंह मुंडा बुंडू में एक फुटबॉल मैच के मुख्य अतिथि बने थे। इसी दौरान नक्सलियों ने पूरे मैदान के सामने उन्हें गोलियों से भूनकर निर्मम हत्या कर दी थी। पहले इस मामले की जांच स्थानीय पुलिस कर रही थी और बुंडू थाना में कांड संख्या 65/2008 दर्ज किया गया था, लेकिन मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए इसकी जांच NIA को सौंप दी गई।
NIA ने संभाली कमान, 8 साल बाद पकड़ा गया था मुख्य साज़िशकर्ता
NIA ने केस टेकओवर करते हुए मामला दर्ज किया और साजिश की परतें खोलनी शुरू कीं। एजेंसी ने अपनी गहन जांच के दौरान कई महत्वपूर्ण और ठोस सबूत जुटाए। इसी कड़ी में 8 जुलाई 2016 को आरोपी पूर्व नक्सली राम मोहन सिंह मुंडा को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता मिली थी, जो तब से लगातार जेल में बंद है और न्यायिक हिरासत काट रहा है। अब 22 अगस्त को होने वाली अगली सुनवाई पर पूरे राज्य की निगाहें टिकी हुई हैं।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

'पति आरोपी तो पत्नी की गाड़ी आतंकी संपत्ति नहीं!', आम्रपाली-मगध कोयला लेवी केस में JH हाईकोर्ट का बड़ा फैसला

"गोली मारी, फिर भट्ठी में जलाया...", रांची में डायन-बिसाही मामले में आरोपी निरंजन अहीर को नहीं मिली राहत







