Jharkhand (Deoghar): देश के चर्चित उद्योगपति गौतम अडानी रविवार को देवघर पहुंचे, जहां उन्होंने विश्वप्रसिद्ध बाबा वैद्यनाथ धाम में विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की. कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच उन्होंने ज्योतिर्लिंग के दर्शन कर राष्ट्र और प्रदेश की उन्नति व समृद्धि की कामना की.
मंदिर प्रशासन की ओर से पारंपरिक तरीके से उनका स्वागत किया गया. वीआईपी मूवमेंट के कारण परिसर में सुरक्षा चाक-चौबंद रही, वहीं श्रद्धालुओं के बीच भी खासा उत्साह देखा गया. दर्शन के उपरांत अडानी ने मंदिर परिसर का संक्षिप्त भ्रमण किया और स्थानीय पुजारियों से बातचीत भी की.
सूत्रों की मानें तो देवघर प्रवास के बाद वे पिरपैंती क्षेत्र में प्रस्तावित पावर प्रोजेक्ट का निरीक्षण भी कर सकते हैं. हालांकि इस यात्रा को आध्यात्मिक दौरे के रूप में ही प्रस्तुत किया जा रहा है, लेकिन प्रशासनिक स्तर पर पहले से व्यापक तैयारी की गई थी.
गौरतलब है कि देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम बारह ज्योतिर्लिंगों में प्रमुख स्थान रखता है और देश-विदेश से श्रद्धालु यहां दर्शन के लिए पहुंचते हैं. ऐसे में उद्योग जगत के बड़े नाम के आगमन से मंदिर परिसर में दिनभर हलचल बनी रही.
रिपोर्ट: पंकज पांडे








