Jharkhand (Garhwa): जिला प्रशासन की एक बड़ी लापरवाही सामने आई है. समाहरणालय स्थित जिला स्थापना शाखा द्वारा जारी ट्रांसफर सूची में एक ऐसे कर्मचारी का भी तबादला कर दिया गया है, जिनका चार माह पहले ही निधन हो चुका है.
दरअसल, शुक्रवार को जिला स्थापना शाखा की ओर से कर्मचारियों, कंप्यूटर ऑपरेटरों और अंचल कार्यालयों के बड़ा बाबुओं की तबादला सूची जारी की गई. इस सूची में भवनाथपुर प्रखंड में कार्यरत रहे दिवंगत कर्मचारी गौरव आनंद का नाम भी शामिल कर दिया गया. सूची के अनुसार उनका स्थानांतरण भवनाथपुर प्रखंड से रंका प्रखंड में कर दिया गया है.
जानकारी के अनुसार गौरव आनंद का करीब चार माह पहले ही निधन हो चुका है. इसके बावजूद ट्रांसफर सूची में उनका नाम शामिल होना प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है. इस घटना को लेकर लोगों में चर्चा का माहौल है. साथ ही विभागीय लापरवाही पर सवाल उठने लगे हैं.
रिपोर्ट: अतुल धर दुबे






