रात के 3 बजे धमाका और फट गई सड़क!, गिरिडीह में 'भूकंप' समझ भागे लोग, सुबह देखा तो उड़े होश
करीब तीन बजे लंकास्टर हॉस्पिटल परिसर के समीप अचानक तेज आवाज के साथ जमीन धंस गई। आवाज इतनी भयानक थी कि आसपास सो रहे लोगों को लगा जैसे भूकंप का कोई बड़ा झटका आया हो। दहशत के मारे लोग फौरन अपने-अपने घरों और कमरों से बाहर निकल आए।

Giridih: गिरिडीह स्थित CCL के बनियाडीह इलाके में मंगलवार की अहले सुबह कोयला तस्करों के अवैध खेल का खौफनाक नतीजा देखने को मिला। करीब तीन बजे लंकास्टर हॉस्पिटल परिसर के समीप अचानक तेज आवाज के साथ जमीन धंस गई। आवाज इतनी भयानक थी कि आसपास सो रहे लोगों को लगा जैसे भूकंप का कोई बड़ा झटका आया हो। दहशत के मारे लोग फौरन अपने-अपने घरों और कमरों से बाहर निकल आए। बाहर का नजारा देखकर सबके होश उड़ गए, क्योंकि अस्पताल परिसर के पास से गुजरने वाली मुख्य सड़क पर गहरी और चौड़ी दरारें आ चुकी थीं।

सड़क पर पड़ीं डरावनी दरारें, मौके पर पहुंचे सुरक्षा जवान
सुबह का उजाला होते ही पूरे इलाके में यह खबर आग की तरह फैल गई और लंकास्टर हॉस्पिटल के पास स्थानीय लोगों का भारी हुजूम जमा हो गया। सड़क की स्थिति बेहद खतरनाक हो चुकी थी, जिससे किसी भी वक्त बड़ा हादसा होने का डर बना हुआ था। घटना की सूचना मिलते ही सीसीएल के सुरक्षा विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और सड़क पर आई दरारों का जायजा लेकर स्थिति का मुआयना किया।

GM ऑफिस के पास सक्रिय सिंडिकेट, खोखली हो रही जमीन
स्थानीय लोगों के अनुसार, बनियाडीह स्थित जीएम कार्यालय के ठीक आसपास कोयला तस्करों का एक मजबूत सिंडिकेट लंबे समय से सक्रिय है। आसपास के इलाकों से जुड़ा यह सिंडिकेट रात-दिन कोयले की अवैध कटाई और तस्करी में जुटा रहता है। लगातार हो रही रैट-होल माइनिंग की वजह से पूरी जमीन नीचे से खोखली हो चुकी है, जिसके चलते बनियाडीह और आसपास के क्षेत्रों में आए दिन भू-धंसान की घटनाएं सामने आ रही हैं।

स्थानीय महिलाओं का फूटा गुस्सा, सीसीएल प्रबंधन पर साधा निशाना
घटनास्थल पर जुटी स्थानीय महिलाओं ने सीसीएल प्रबंधन और सुरक्षा तंत्र के खिलाफ जमकर आक्रोश जताया। महिलाओं ने आरोप लगाया कि चंद रुपयों के मुनाफे और मिलीभगत के चलते कोयला तस्करों को खुली छूट मिली हुई है, जिससे आम लोगों की जिंदगी और आशियाने दांव पर लग गए हैं। लोगों ने चेतावनी दी है कि अगर अवैध खनन पर तुरंत पूरी तरह लगाम नहीं लगाई गई, तो आने वाले दिनों में यह लापरवाही किसी बड़े जानलेवा हादसे का सबब बन सकती है।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

Video! : थाने में बवाल के बाद विधायक जयराम महतो पर FIR, 50 अज्ञात पर भी केस, थानेदार को धमकाने का ऑडियो वायरल!

चतरा में तड़के 3 बजे गोलियों की तड़तड़ाहट से थर्राया कोयलांचल, राहुल दुबे गिरोह का अपराधी गोली लगने से घायल, हजारीबाग...







