ENG vs NZ: 140 रनों पर सिमटी इंग्लैंड टीम, Jamieson ने लिए 5 विकेट
न्यूज़ीलैंड के काइल जेमीसन के 5 विकेटों की बदौलत इंग्लैंड की टीम सिर्फ 140 रन पर हो गई ऑलआउट. हैरी ब्रूक ने जड़ा अर्धशतक.

न्यूज़ीलैंड और इंग्लैंड के बीच खेले जा रहे तीन टेस्ट मैचों की सीरीज़ के पहले टेस्ट के पहले दिन विकेटों की झड़ी लग गई। टॉस जीतकर गेंदबाज़ी करने उतरी न्यूज़ीलैंड टीम ने इंग्लैंड पर कहर बरपा दिया। तेज़ गेंदबाज़ काइल जेमीसन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 5 विकेट लिए। उनके अलावा नाथन स्मिथ ने 3 विकेट और विलियम ओ'रूर्के ने 2 विकेट लेकर बेहतरीन साथ निभाया। उनकी धारदार गेंदबाज़ी के सामने इंग्लैंड की टीम बेबस नज़र आई। हैरी ब्रूक के अलावा कोई भी बल्लेबाज़ टिककर नहीं खेल पाया। ब्रूक ने संयम के साथ बल्लेबाज़ी करते हुए टीम के लिए सर्वाधिक 56 रन बनाए। अपनी इस पारी में उन्होंने 10 चौके भी लगाए। अंत में जोश टंग और शोएब बशीर की 22 रनों की साझेदारी के कारण टीम किसी तरह 140 रन के स्कोर तक पहुँच सकी।
जवाब में बल्लेबाज़ी करने उतरी न्यूज़ीलैंड टीम की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही। ओली रॉबिन्सन ने अपने पहले ही ओवर में न्यूज़ीलैंड के 3 बल्लेबाज़ों को आउट कर दिया। उन्होंने अपने पहले ओवर में ही डेवोन कॉनवे, केन विलियमसन और रचिन रविंद्र को वापस पवेलियन भेज दिया।
इसके बाद कीवी टीम लगातार अंतराल पर विकेट गंवाती चली गई। एक समय पर टीम का स्कोर 29/6 हो गया था। उसके बाद ग्लेन फिलिप्स की 31 रनों की नाबाद आक्रामक पारी के कारण टीम ने दिन का खेल खत्म होने तक 6 विकेट के नुकसान पर 61 रन बना लिए।
न्यूज़ीलैंड की टीम इंग्लैंड से अभी भी 79 रनों से पीछे है। कीवी टीम खेल के दूसरे दिन में इंग्लैंड के 140 रनों के करीब पहुंचने की पूरी कोशिश करेगी | इसके लिए बल्लेबाज ग्लेन फिलिप्स पर काफी दारोमदार होगा |
इस टेस्ट मैच के पहले दिन कुल 16 विकेट गिरे, जिससे बल्लेबाज़ों के सामने दूसरे दिन भी संभलकर खेलने की चुनौती होगी। मौसम भी तेज गेंदबाजी को काफी मदद कर रहा है जिससे बल्लेबाज परेशान दिखे थे |
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.









