तीन दिन से लापता 13 साल के छात्र का नदी में मिला शव, चट्टान के पास फंसा था पवन
पश्चिमी सिंहभूम के गुवा में तीन दिन से लापता 13 वर्षीय छात्र पवन कुमार पान का शव कारो नदी से बरामद हुआ। लगातार बारिश के बीच पुलिस और ग्रामीणों ने खोज अभियान चलाया।

Chaibasa: पश्चिमी सिंहभूम के गुवा थाना क्षेत्र से रविवार को लापता हुए 13 वर्षीय छात्र पवन कुमार पान का शव मंगलवार को तीन दिन बाद नुईया गांव के पास कारो नदी से बरामद किया गया। नदी में डूबने की आशंका के बाद पुलिस और ग्रामीण लगातार उसकी तलाश कर रहे थे। मंगलवार को नदी के बीच एक चट्टान के पास शव फंसा मिला।
ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद शव को नदी से बाहर निकाला। सूचना मिलने पर गुवा थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
बारिश से उफन रही थी कारो नदी
लगातार बारिश के कारण कारो नदी का जलस्तर काफी बढ़ा हुआ था। तेज बहाव के बीच छात्र की तलाश करना पुलिस और ग्रामीणों के लिए काफी मुश्किल रहा। सोमवार और मंगलवार को लगातार नदी में खोज अभियान चलाया गया।
मंगलवार को नदी के बीच चट्टान के पास पवन का शव दिखाई दिया, जिसके बाद ग्रामीणों ने रेस्क्यू कर उसे बाहर निकाला।
ट्यूशन जाने की बात कहकर निकला था घर से
परिजनों के अनुसार, पवन गुवा स्थित DAV School में सातवीं कक्षा का छात्र था। वह फैब्रिकेशन निवासी साकेत पान का पुत्र था।
रविवार दोपहर करीब तीन बजे पवन ट्यूशन जाने की बात कहकर स्कूल बैग लेकर घर से निकला था। बाद में वह भट्टीसाई इलाके में दो दोस्तों के साथ खेलने लगा। बताया जा रहा है कि दोस्तों के मना करने के बावजूद पवन अकेले नदी की तरफ चला गया।
कुछ देर बाद दोस्तों ने पीछे मुड़कर देखा तो पवन वहां मौजूद नहीं था। इसके बाद उसकी तलाश शुरू की गई और पुलिस को भी जानकारी दी गई।
शव मिलते ही परिवार में मचा कोहराम
तीन दिन तक तलाश के बाद पवन का शव मिलने की खबर जैसे ही परिजनों को मिली, घर में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, प्रशासन ने लगातार बारिश और नदियों के बढ़े जलस्तर को देखते हुए लोगों से उफनती नदियों और तेज बहाव वाले जलस्रोतों से दूर रहने की अपील की है।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

जमशेदपुर : दाई घुटू में घरों में घुसा पानी, सामान समेटकर ऊंचे स्थानों पर पहुंचे लोग

पलामू में 'खून का बदला खून'!, 2025 के कत्ल का बदला लेने के लिए बुजुर्ग का अपहरण कर उतारा मौत के घाट, फिर...







