रांची के कई इलाकों में घरों में घुसा पानी, नदियां उफान पर, 203 MM बारिश रिकॉर्ड
झारखंड और इससे सटे गंगीय पश्चिम बंगाल के उत्तरी हिस्सों में बने निम्न दबाव के कारण राजधानी रांची समेत राज्य के कई जिलों में सोमवार रात से लगातार भारी बारिश हो रही है।


Ranchi: झारखंड और इससे सटे गंगीय पश्चिम बंगाल के उत्तरी हिस्सों में बने निम्न दबाव के कारण राजधानी रांची समेत राज्य के कई जिलों में सोमवार रात से लगातार भारी बारिश हो रही है। बारिश के कारण कई नदियां उफान पर हैं, जबकि रांची के कई इलाकों में सड़क और घरों में पानी घुस गया है। मंगलवार को स्कूली बच्चों से लेकर आम लोगों तक को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
अपर बाजार से डोरंडा तक जलजमाव
लगातार बारिश के कारण रांची के अपर बाजार, पंडरा, हरमू, विद्यानगर, पंचशीलनगर, धुर्वा, चुटिया, कोकर, डोरंडा और अशोक नगर समेत कई इलाकों में सड़क पर पानी जमा हो गया। कई जगहों पर बारिश का पानी घरों में भी घुस गया।
नामकुम में स्वर्णरेखा नदी का जलस्तर भी तेजी से बढ़ गया है। चुटिया और नामकुम के बीच स्थित पुल के नीचे से करीब एक फीट नीचे पानी बह रहा है। पुल की जर्जर स्थिति को देखते हुए आसपास रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ गई है।
बेड़ो में 110 MM, मनोहरपुर में 203 MM बारिश
मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार, अगस्त में राज्य में अब तक अच्छी बारिश हुई है। उन्होंने कहा कि यदि इस तरह की बारिश महीने में दो-तीन बार हो जाए तो इससे कृषि कार्य और पेयजल की स्थिति के लिए फायदा हो सकता है।
मंगलवार को राज्य में सबसे ज्यादा 110 MM बारिश बेड़ो में दर्ज की गई। वहीं रांची के हीनू और कांके में 55-55 MM बारिश रिकॉर्ड हुई।
पिछले 24 घंटे में राज्य में सबसे अधिक 203 MM बारिश पश्चिमी सिंहभूम के मनोहरपुर में दर्ज की गई।
झारखंड में अब भी सामान्य से 12% कम बारिश
बारिश तेज होने के बावजूद पूरे मानसून सीजन की तस्वीर अभी सामान्य से नीचे है। मौसम विभाग के अनुसार, 1 जून से 18 अगस्त तक झारखंड में सामान्य 689.8 MM के मुकाबले 606.1 MM बारिश हुई है। यानी राज्य में अब तक 12% कम बारिश हुई है।
रांची में 713.4 MM बारिश हुई है, जो सामान्य से 1% कम है। वहीं बोकारो में 440 MM, चतरा में 320.9 MM, देवघर में 351.1 MM और धनबाद में 643.8 MM बारिश रिकॉर्ड की गई है।
इन जिलों में भी बारिश सामान्य से काफी कम
दुमका में 602.3 MM, गढ़वा में 301.2 MM, गिरिडीह में 402.4 MM, गोड्डा में 431.2 MM और गुमला में 550.6 MM बारिश हुई है।
हजारीबाग में 482.6 MM, जामताड़ा में 578.6 MM, खूंटी में 811.8 MM, कोडरमा में 321.5 MM, लातेहार में 629.7 MM और लोहरदगा में 632.5 MM बारिश दर्ज की गई।
पाकुड़ में 356.8 MM, पलामू में 367.4 MM, रामगढ़ में 534.3 MM और साहिबगंज में 624.4 MM बारिश हुई है। सरायकेला-खरसावां में 755.2 MM बारिश रिकॉर्ड की गई है।
पश्चिमी सिंहभूम में सामान्य से 49% ज्यादा बारिश
बारिश के मामले में पश्चिमी सिंहभूम सबसे अलग रहा है। जिले में अब तक 1015.6 MM बारिश दर्ज की गई है, जो सामान्य से 49% अधिक है।
सिमडेगा में 953.4 MM, पूर्वी सिंहभूम में 747.4 MM और सरायकेला-खरसावां में 755.2 MM बारिश दर्ज की गई है। इन जिलों में बारिश सामान्य के आसपास या उससे अधिक रही है।
लगातार हो रही बारिश के बीच नदियों और जलस्रोतों के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है। खासकर जर्जर पुलों और जलभराव वाले रास्तों से गुजरते समय सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

दहेज हत्या में पति और ससुर दोषी करार, 6 साल पुराने मामले में 25 अगस्त को तय होगी सजा

जमशेदपुर : दाई घुटू में घरों में घुसा पानी, सामान समेटकर ऊंचे स्थानों पर पहुंचे लोग







