गिरिडीह CCL में कोयला सिंडिकेट का खेल: मौत के बाद हंगामा, मां को 50 हजार की सहानुभूति राशि
दिन भर गिरिडीह के कबरीबाद खदान में हंगामा चलता रहा. ग्रामीणों ने मुफ्फसिल थाना इलाके के खंडिहा गांव निवासी दिलीप दास के शव को तब तक खदान के समीप रखा जब तक कि सहानुभूति राशि नहीं मिल गई.

Giridih, Jharkhand: जिले में अवैध कोयला कटाई के लिए खदान घुसे कोयला मजदूर दिलीप दास की मौत का आक्रोश बुधवार को देखा गया. दिन भर गिरिडीह के कबरीबाद खदान में हंगामा चलता रहा. ग्रामीणों ने मुफ्फसिल थाना इलाके के खंडिहा गांव निवासी दिलीप दास के शव को तब तक खदान के समीप रखा जब तक कि सहानुभूति राशि नहीं मिल गई.
एक तरफ शव को रखे ग्रामीणों की भीड़ खदान में डटी रही. वहीं दूसरी तरफ बनियाडीह के सीसीएल के प्रोजेक्ट ऑफिस में बैठकों का दौर चलता रहा. इस दौरान प्रोजेक्ट ऑफिसर गोपाल सिंह मीणा के साथ सदर एसडीपीओ जितवाहन, मुफ्फसिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो भी वार्ता में शामिल हुए. प्रोजेक्ट ऑफीसर मीना ने मृतक के अंतिम संस्कार के लिए 50 हजार की सहानुभूति राशि देने की घोषणा की. 2 लाख रूपए दो महीने के बाद देने का निर्णय लिया गया.
इधर प्रोजेक्ट ऑफीसर मीना ने कहा कि 50 हजार सहानुभूति राशि उपबंध किया गया है. दो लाख का भुगतान दो महीने में किया जाएगा. वही सदर एसडीपीओ जितवाहन ने कहा कि पूरी घटना की जांच की जा रही है. जांच के बाद दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई किया जाएगी. एसडीपीओ ने कहा कि परिजनों के फर्द बयान पर केस दर्ज कर जांच शुरू किया जाएगा. फिलहाल कबरीबाद कोयला खदान के मैनेजर रामसागर को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है. सीसीएल के कबरी कोयला खदान के मैनेजर रामसागर समेत अन्य जितने लोगों के नाम सामने आए हैं उनपर जल्द जांच कर पूरी कार्रवाई की जाएगी.
बताते चलें कि गिरिडीह के सीसीएल के दोनों खदानों में कोयला चोरी कोई नई बात नहीं है. दोनों खदानों से गिरिडीह सीसीएल के सुरक्षा पदाधिकारी और कर्मियों के साथ खदानों के मैनेजर समेत तस्करों का सिंडिकेट कोयले की चोरी कराता है. इसमें महत्वपूर्ण भूमिका सीसीएल के आउट सोर्सिंग एजेंसी के कर्मियों की शुरू से रही है.
दोनों खदान- ओपिनकास्ट और कबरीबाद में - सुरक्षा पदाधिकारी और कर्मी के साथ तस्करों का बड़ा सिंडिकेट जुड़ा हुआ है. वहीं दूसरी तरफ जब ऐसी घटना होती है तो सीसीएल शुरू से कोयला चोर बताकर बेकसूरों के मौत पर सहानुभूति की राशि बांट कर पल्ला झाड़ता रहा है.
Report By - Manoj Kumar Pintu
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

रामगढ़ के पूरबडीह गांव में हाथियों ने मचाया आतंक, दीवार तोड़कर घर में घुसे.. अनाज भी कर दिया नष्ट

गोड्डा में पुलिस का बड़ा एक्शन : राहगीरों को लूटने वाले शातिर बदमाश गिरफ्तार, लूटी गई बाइक-मोबाइल बरामद







