नेपाल में फ्लैश फ्लड के बाद बिहार अलर्ट! CM सम्राट चौधरी ने गंडक बैराज का लिया जायजा
नेपाल में फ्लैश फ्लड के बाद बिहार में गंडक नदी को लेकर प्रशासन अलर्ट है। CM सम्राट चौधरी ने वाल्मीकिनगर गंडक बैराज का निरीक्षण किया।


नेपाल में आई भीषण बाढ़ और फ्लैश फ्लड के बाद बिहार में गंडक नदी के जलप्रवाह को लेकर प्रशासन अलर्ट मोड में है। संभावित बाढ़ के खतरे को देखते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने वाल्मीकिनगर पहुंचकर गंडक बैराज और नदी के जलस्तर की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान जल संसाधन मंत्री विजय चौधरी समेत विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने इंडो-नेपाल सीमा पर स्थित गंडक बैराज के विभिन्न फाटकों का निरीक्षण किया और अधिकारियों से नदी के जलस्तर, पानी के प्रवाह तथा नेपाल में आई बाढ़ के संभावित प्रभाव की जानकारी ली। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों पर लगातार नजर बनाए रखने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी रखने के निर्देश दिए।
पूर्वी चंपारण में निचले इलाकों को किया जा रहा अलर्ट
राज्य सरकार के निर्देश के बाद पूर्वी चंपारण जिला प्रशासन ने भी गंडक नदी से सटे इलाकों में सतर्कता बढ़ा दी है। संग्रामपुर, अरेराज और केसरियाअंचल के निचले क्षेत्रों में माइकिंग कर लोगों को सावधान किया जा रहा है। प्रशासन की ओर से लोगों से अपील की जा रही है कि वे अनावश्यक रूप से गंडक नदी के निचले इलाकों में न जाएं और अपने पशुओं को खुले में नहीं छोड़ें।
NDRF-SDRF की टीमें अलर्ट, तटबंधों की निगरानी
संभावित बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए NDRF और SDRF की टीमें क्षेत्र पर नजर बनाए हुए हैं। स्थानीय प्रशासन के साथ बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता, सहायक अभियंता और कनीय अभियंता तटबंधों तथा नदी के जलस्तर की लगातार निगरानी कर रहे हैं। एहतियात के तौर पर रात में भी पेट्रोलिंग की गई है, ताकि तटबंधों या नदी के जलप्रवाह में किसी तरह का बदलाव होने पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।
बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता के अनुसार 27 जून 2026 को दोपहर 12 बजे तक सभी तटबंध सुरक्षित थे और गंडक नदी का जलस्तर सामान्य बताया गया। इसी समय वाल्मीकिनगर बैराज से 1,06,600 क्यूसेक पानी छोड़े जाने की जानकारी दी गई। प्रशासन का कहना है कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है। हालांकि, निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने और प्रशासन की ओर से जारी निर्देशों का पालन करने को कहा गया है।
CM ने अधिकारियों को दिए सतर्कता के निर्देश
वाल्मीकिनगर पहुंचे मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बगहा एसडीएम चांदनी कुमारी, एसपी राजेश कुमार और जल संसाधन विभाग के अधिकारियों से मौजूदा स्थिति की जानकारी ली। अधिकारियों ने नेपाल में आई बाढ़ के बाद गंडक नदी पर पड़ने वाले संभावित प्रभाव और प्रशासन की तैयारियों से मुख्यमंत्री को अवगत कराया।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जाए और जरूरत पड़ने पर राहत एवं बचाव अभियान तुरंत शुरू किया जा सके। फिलहाल प्रशासन का कहना है कि बिहार में बाढ़ की तत्काल कोई गंभीर स्थिति नहीं है, लेकिन नेपाल में फ्लैश फ्लड को देखते हुए सीमावर्ती और गंडक नदी से जुड़े इलाकों में एहतियात के तौर पर पूरी सतर्कता बरती जा रही है।

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

गया में थानेदार पर गिरी गाज! अवैध वसूली के आरोपों पर गुरारू थानाध्यक्ष पर कार्रवाई

बिहार में 8 MLC सीटों पर चुनावी हलचल तेज, दावेदारों ने कसी कमर; शिक्षक-ग्रेजुएट वोटरों पर सबकी नजर







