मुंगेर पहुंचे केंद्रीय मंत्री ललन सिंह का बड़ा बयान बोले- बाढ़ कोई नई चीज नहीं, हर साल आती है
केंद्रीय मंत्री और मुंगेर सांसद राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह एक दिवसीय दौरे पर मुंगेर पहुंचे और जनसंवाद कार्यक्रम में लोगों की समस्याएं सुनीं।


मुंगेर: एक दिवसीय दौरे पर मुंगेर पहुंचे सांसद एवं केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने नगर परिषद क्षेत्र में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान के लिए हरसंभव प्रयास करने का आश्वासन दिया। कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत में केंद्रीय मंत्री ने कहा कि जनता के बीच जाना और उनकी समस्याओं को सुनना जनप्रतिनिधि की जिम्मेदारी है।
ललन सिंह ने कहा कि जनप्रतिनिधि का दायित्व है कि वह समय-समय पर अपने क्षेत्र की जनता के बीच पहुंचे, उनकी समस्याओं को समझे और उनके समाधान का प्रयास करे। उन्होंने कहा कि वह इसी जिम्मेदारी का निर्वहन करने के लिए लगातार जनता के बीच पहुंच रहे हैं।
मुंगेर-जमालपुर में पेयजल के लिए करोड़ों की योजना
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि मुंगेर और जमालपुर की प्रमुख समस्याओं में पेयजल की समस्या शामिल है। इस मुद्दे को लेकर उन्होंने मुख्यमंत्री से बातचीत की थी। इसके बाद मुख्यमंत्री के निर्देश पर बुडको की टीम ने दोनों शहरों के प्रत्येक वार्ड में जाकर पेयजल व्यवस्था का सर्वे किया और रिपोर्ट तैयार की।
उन्होंने बताया कि मुंगेर शहर के लिए 177 करोड़ रुपये और जमालपुर के लिए 102 करोड़ रुपये की पेयजल योजना स्वीकृत हो चुकी है। फिलहाल दोनों योजनाओं के लिए टेंडर की प्रक्रिया चल रही है।ललन सिंह ने उम्मीद जताई कि योजनाओं के पूरा होने के बाद मुंगेर और जमालपुर शहर में पेयजल की समस्या काफी हद तक दूर हो जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार इस समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में काम कर रही है।
बाढ़ पर बोले- हर साल आती है, इस बार गंगा का जलस्तर ज्यादा
बाढ़ की स्थिति को लेकर पूछे गए सवाल पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि बाढ़ कोई नई समस्या नहीं है और हर साल इसका सामना करना पड़ता है। हालांकि, इस बार गंगा का जलस्तर थोड़ा अधिक बढ़ा है। उन्होंने कहा कि 2016 में गंगा का जलस्तर इससे भी ज्यादा रहा था।
ललन सिंह ने बताया कि बाढ़ की स्थिति को लेकर जिलाधिकारी के साथ बैठक कर पूरे हालात की समीक्षा की जाएगी। बाढ़ प्रभावित इलाकों और लोगों की स्थिति की जानकारी लेने के साथ यह भी चर्चा होगी कि सरकार की ओर से उनके लिए और क्या कदम उठाए जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि अधिकारियों के साथ बैठक में राहत और बचाव से जुड़े जरूरी सुझाव दिए जाएंगे, ताकि बाढ़ प्रभावित लोगों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

बेटी पर बुढ़ापे का सहारा छीनने का आरोप! बुजुर्ग माता-पिता ने लगायी गुहार

परीक्षा हॉल में मोबाइल से वीडियो वायरल, छात्रा ने बनाई रील; अब उठ रहे ये बड़े सवाल







