गोड्डा पुलिस की बड़ी कामयाबी!, बासुकीनाथ में रेड मारकर दबोचे गए लुटेरे, बिहार-महाराष्ट्र तक जुड़े हैं तार
गोड्डा के चर्चित बंगाल ज्वेलर्स लूटकांड में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। 8 जुलाई को हथियारबंद बदमाशों ने जिस वारदात को अंजाम दिया था, उसके पीछे की पूरी कहानी अब सामने आ रही है। पुलिस ने इस मामले में सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कथित मास्टरमाइंड चंद्रशेखर कुमार साह उर्फ पुरन साह भी शामिल है।

Godda: गोड्डा पुलिस ने 8 जुलाई को हुए चर्चित बंगाल ज्वेलर्स लूटकांड का पर्दाफाश करते हुए 7 शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में इस पूरी वारदात का मुख्य षडयंत्रकारी चंद्रशेखर कुमार साह उर्फ पुरन साह भी शामिल है। पुलिस ने पुरन साह की निशानदेही पर लूटे गए भारी मात्रा में सोने और चांदी के जेवर बरामद कर लिए हैं। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से आभूषण कारोबारियों में राहत का माहौल है।
बासुकीनाथ में छिपे थे लुटेरे, SIT ने छापेमारी कर दबोचा
मामले की गंभीरता को देखते हुए घटना के बाद ही एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया था। पुलिस ने मानवीय और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर शुरुआत में दो अपराधियों को जेल भेजा था। इसी बीच Godda SP मुकेश कुमार को गुप्त सूचना मिली कि कांड में शामिल अन्य लुटेरे दुमका जिले के बासुकीनाथ में छिपे हुए हैं। सूचना मिलते ही SDPO आकाश कुमार भरद्वाज के नेतृत्व में SIT टीम ने 13 अगस्त को बासुकीनाथ में छापेमारी कर मास्टरमाइंड पुरन साह को धर दबोचा।
पूछताछ में खोले कई राज, झारखंड-बिहार की कई लूट में था हाथ
कड़ाई से पूछताछ करने पर पुरन साह ने न केवल बंगाल ज्वेलर्स लूटकांड, बल्कि जामताड़ा, बौंसी (बिहार), नौनीहाट और तालझारी (दुमका) की जेवर दुकानों में हुई कई बड़ी लूट की वारदातों में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। आरोपी ने बताया कि उसने जामताड़ा, बौंसी, नौनीहाट और तालझारी से लूटे गए गहनों को गोड्डा की अलग-अलग दुकानों में ओने-पोने दामों में बेच दिया था। वहीं बंगाल ज्वेलर्स का जेवर बौंसी निवासी कारू साह के जरिए श्रवण ज्वेलर्स में बेचा गया था।
चोरी का माल खरीदने वाले ज्वेलर्स भी गिरफ्तार, बरामद हुआ सोना-चांदी
निशानदेही के आधार पर पुलिस ने अवैध रूप से लूटे गए गहने खरीदने और बेचने वाले सुनारों को भी गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में दुमका का पुरन साह, बांका (बिहार) का कारू साह और शिवशंकर कुमार, महाराष्ट्र के शोलापुर का धनंजय गायकवाड़ (हाल पता सिद्धि विनायक ज्वेलर्स, गोड्डा), पवन कुमार, उत्तम कुमार साह और अमन कुमार सर्राफ शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के पास से बौंसी स्थित श्रवण ज्वेलर्स से 28 ग्राम गलाया हुआ सोना और 3.05 किलोग्राम गलाया चांदी, अमन सर्राफ से 114 ग्राम चांदी, उत्तम कुमार से 10 ग्राम कटा-छटा सोना, धनंजय गायकवाड़ से 1.5 किलोग्राम चांदी और पवन कुमार के पास से 355 ग्राम चांदी बरामद की है।
पुलिस की Zero Tolerance Policy, खंगाला जा रहा आपराधिक इतिहास
गोड्डा नगर थाने में संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब गिरफ्तार सभी अभियुक्तों का आपराधिक इतिहास खंगाल रही है और पड़ोसी जिलों व राज्यों से भी इनके गिरोह के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। गोड्डा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अपराध और चोरी की घटनाओं के खिलाफ Zero Tolerance Policy के तहत सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

'पति आरोपी तो पत्नी की गाड़ी आतंकी संपत्ति नहीं!', आम्रपाली-मगध कोयला लेवी केस में JH हाईकोर्ट का बड़ा फैसला

"गोली मारी, फिर भट्ठी में जलाया...", रांची में डायन-बिसाही मामले में आरोपी निरंजन अहीर को नहीं मिली राहत







