नाबालिग से यौन दुर्व्यवहार के आरोप में तीन किशोर निरुद्ध, आपत्तिजनक वीडियो वायरल करने का भी आरोप
लखीसराय के मानिकपुर थाना क्षेत्र में 12 वर्षीय नाबालिग से जुड़े एक संवेदनशील मामले में पुलिस ने तीन विधि-विरुद्ध बालकों को निरुद्ध किया है। पुलिस के अनुसार, मामले में एक आपत्तिजनक वीडियो के प्रसार की बात भी सामने आई है। जांच जारी है।


लखीसराय: जिले के मानिकपुर थाना क्षेत्र में 12 वर्ष की नाबालिग बच्चे के साथ कथित यौन दुर्व्यवहार का मामला सामने आया है। परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले में तीन किशोरों को निरुद्ध किया है। आरोप है कि उन्होंने घटना से जुड़ा एक आपत्तिजनक वीडियो भी बनाया गया और उसे मोबाइल के जरिए प्रसारित किया गया। मामले को लेकर पीड़ित बच्चे के पिता ने 13 अगस्त को मानिकपुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज करवायी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने कांड संख्या 109/26 दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
शिकायत के बाद पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस के मुताबिक, शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच की गई और उपलब्ध सबूतों के आधार पर तीन किशोरों को निरुद्ध किया गया। पुलिस ने मामले से जुड़े मोबाइल फोन और अन्य साक्ष्यों की भी जांच शुरू कर दी है।
DSP शिवम कुमार ने प्रेस को जानकारी देते हुए बताया कि 13 अगस्त को नाबालिग के पिता की ओर से आवेदन मिला था। आवेदन के अदहर पर प्राथमिकी दर्ज करके जांच शुरू कर दी गई थी। जांच के दौरान तीन विधि-विरुद्ध बालकों को निरुद्ध किया गया है . उन्हें नियमानुसार किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत करने की प्रक्रिया जारी है।
पुलिस मामले में वीडियो के प्रसार और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि मामले में कोई अन्य व्यक्ति शामिल है या नहीं? नाबालिग की पहचान और उसकी निजता को कानून के तहत सुरक्षित रखा गया है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच में सामने आए तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी।

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.









