Jharkhand (Giridih): भारतीय सेना में धार्मिक शिक्षक जूनियर कमीशंड अधिकारी (RT JCO-Religious Teacher Junior Commissioned Officer) अनिल पांडेय की गिरिडीह के एक सड़क हादसे में मौत हो गई. शुक्रवार को धनवार-सरिया मुख्य मार्ग पर बरजो स्थित पावर हाउस के करीब दो बाइक की टक्कर हुई, जिसमें मौके पर ही अनिल पांडेय ने दम तोड़ दिया.

अनिल पांडेय (56) गिरिडीह के अरगाली पंचायत स्थित श्रंगारडीह गांव के निवासी थे, जो एक दिन पूर्व ही छुट्टी में अपने घर आए थे. हादसे के बाद उनके परिवार में कोहराम मच गया है. परिजनों सहित पूरे इलाका शोक में डूबा हुआ है.
बैंक के लिए अपने स्कूटी से निकले थे अनिल
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अनिल यूपी 70 सीबी 7391 नंबर की बाइक से श्रृंगारडीह से धनवार की ओर बैंक जाने के लिए निकले थे. इसी दौरान धनवार की ओर से तेज रफ्तार में आ रही बाइक जेएच 11 एबी 5509 ने जोरदार टक्कर मार दी.
टक्कर मारकर फरार हो गया बाइक सवार
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अनिल ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. हादसे के बाद आरोपित बाइक सवार फरार हो गया. सूचना मिलने पर धनवार थाना प्रभारी दल बल के साथ घटना स्थल पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर थाना ले गए. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. फरार बाइक सवार की तलाश की जा रही है.
जल्द होने वाली थी कर्नल पद पर पदोन्नति
परिजनों ने बताया कि अनिल भारतीय सेना में कार्यरत थे और एक दिन पूर्व ही छुट्टी पर घर आए थे. जल्द ही उनका प्रमोशन कर्नल पद पर होने वाला था, लेकिन उससे पहले ही यह दुखद घटना हो गई. वह अपने पीछे दो पुत्र और एक अविवाहित पुत्री छोड़ गए हैं. एक पुत्र बीडीओ के पद पर कार्यरत हैं, जबकि दूसरा पुत्र इंजीनियर है. उनकी पुत्र वधू चिकित्सक हैं. अनिल के असामयिक निधन से परिवार के साथ-साथ पूरा गांव गमगीन हो गया है.









