JAC Board Exam 2026: आज मंगलवार यानी 3 फरवरी 2026 से JAC बोर्ड (झारखंड अधिविद्य परिषद) की 10वीं और 12वीं की परीक्षा शुरू हो गई है. बता दें, मैट्रिक की परीक्षा आगामी 17 फरवरी जबकि इंटर की परीक्षा 23 फरवरी तक संचालित की जाएगी. परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जा रही है. जिसमें पहली पाली में 9:45 बजे से दोपहर 1 बजे तक और दूसरी पाली में दोपहर 2 बजे से लेकर शाम 5:15 बजे तक होगी.
आगामी 17 फरवरी तक निषेधाज्ञा लागू
JAC बोर्ड 10वीं और 12वीं की परीक्षा को लेकर रांची जिला प्रशासन ने आगामी 17 फरवरी 2026 तक निषेधाज्ञा लागू किया है. जो सुबह 06:45 बजे से शाम 08:20 बजे तक प्रभावी रहेगा. बता दें, जैक मैट्रिक और इंटर की परीक्षा को लेकर रांची में कुल 75 परीक्षा केंद्र बनाए गए है.
जिला प्रशासन ने जारी किया नोटिफिकेशन
शांतिपूर्ण तरीके से परीक्षा संचालित हो इसे लेकर जिला प्रशासन ने नोटिफिकेश भी जारी किया है जिसमें बताया गया है कि परीक्षा के सफल संचालन और विधि व्यवस्था बनाए रखने को लेकर रांची उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी और रांची SSP के संयुक्त आदेश के आलोक में पुलिस बल एंव पदाधिकारी के साथ दंडाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गई है.
परीक्षा में संलग्न छात्र एवं उनके अभिभावक परीक्षा केन्द्रों पर भीड़ लगाकर विधि-व्यवस्था भंग करने की चेष्टा कर सकते हैं, इस आशंका को देखते हुए अनुमंडल दंडाधिकारी, सदर, रांची द्वारा बीएनएसएस की धारा-163 के अंतर्गत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए इन परीक्षा केन्द्रों के 200 मीटर की परिधि में निषेधाज्ञा जारी की गई है, जो निम्न है-
-पांच या पांच से अधिक व्यक्तियों का एक जगह जमा होना (सरकारी कार्य में लगे पदाधिकारियों/कर्मचारियों तथा सरकारी कार्यक्रम एवं शवयात्रा को छोड़कर).
-किसी प्रकार का ध्वनि विस्तारक यंत्र का व्यवहार करना.
-किसी प्रकार का अस्त्र-शस्त्र, जैसे बंदूक, राइफल, रिवाल्वर, बम, बारूद आदि लेकर चलना (सरकारी कार्य में लगे पदाधिकारियों/कर्मचारियों को छोड़कर).
-किसी प्रकार का हरवे हथियार जैसे-लाठी-डंडा, तीर-धनुष, गड़ासा भाला आदि लेकर चलना (सरकारी कार्य में लगे पदाधिकारियों/कर्मचारियों को छोड़कर).
-किसी प्रकार की बैठक या आम सभा का आयोजन करना.
बता दें, यह निषेधाज्ञा दिनांक 3 फरवरी, आज (मंगलवार) से लेकर आगामी 17 फरवरी 2026 तक के सुबह 06:45 बजे से अपराह्न 08:20 बजे तक प्रभावी रहेगा.
परीक्षा में शामिल होंगे 7.48 लाख परीक्षार्थी
बता दें, इस बार परीक्षा में कुल 7.48 लाख परीक्षार्थी हिस्सा ले रहे हैं. जिनमें से कुल 4,23,861 परीक्षार्थी मैट्रिक की परीक्षा देंगे, जबकि इंटर में कुल 3,24,321 परीक्षार्थी (विज्ञान में 90,579, वाणिज्य में 21,195 और कला संकाय में 2,12,547) परीक्षा में हिस्सा ले रहे हैं. JAC सचिव जयंत कुमार मिश्र ने कदाचार मुक्त परीक्षा आयोजित कराने का दावा किया है.
परीक्षा के लिए बनाए गए कुल 1989 केंद्र
मैट्रिक 1,232 परीक्षा केंद्र और इंटरमीडिएट 757 परीक्षा केंद्र में आयोजित किए जाएंगे. यानी राज्यभर में कुल 1989 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं सभी केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए है. इस बार पिछले वर्ष के मुकाबले मैट्रिक और इंटर दोनों में परीक्षार्थियों की संख्या में कमी आई है. राज्यभर में सबसे अधिक मैट्रिक की परीक्षा देने वाले छात्रों की संख्या 40827 गिरिडीह जिले से, जबकि सबसे कम 6097 परीक्षार्थी खूंटी जिले से परीक्षा में हिस्सा ले रहे है. इंटर की परीक्षा में भी गिरिडीह जिले से ही सबसे अधिक परीक्षार्थी परीक्षा में बैठ रहे हैं.








