3 झारखंड NCC बटालियन आयोजित कर रही प्रशिक्षण शिविर, संत जेवियर कॉलेज में 10 दिनों तक होगा आयोजन
इस शिविर का उद्देश्य एनसीसी कैडेटों को व्यापक प्रशिक्षण प्रदान करना तथा उनमें नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, आत्मविश्वास एवं राष्ट्रसेवा की भावना का विकास करना है. शिविर के दौरान कैडेटों को एनसीसी से संबंधित विभिन्न विषयों का प्रशिक्षण दिया जाएगा.

Ranchi, Jharkhand: 3 Jharkhand NCC Battalion द्वारा दस दिन के प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया है. इसकी शुरुआत 9 जून बुधवार से हो चुकी है. संत जेवियर कॉलेज में आयोजित यह शिविर 18 जून गुरुवार तक कैडेट्य को प्रशिक्षण प्रदान करेगा. यह शिविर बटालियन के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल संतोष कुमार के नेतृत्व में संचालित किया जा रहा है.

इस शिविर का उद्देश्य एनसीसी कैडेटों को व्यापक प्रशिक्षण प्रदान करना तथा उनमें नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, आत्मविश्वास एवं राष्ट्रसेवा की भावना का विकास करना है. शिविर के दौरान कैडेटों को एनसीसी से संबंधित विभिन्न विषयों का प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिसमें विशेष रूप से पैदल ड्रिल, हथियार प्रशिक्षण एवं फायरिंग, मानचित्र पठन तथा बाधा दौड़ पर जोर दिया जाएगा. ये गतिविधियां कैडेटों के शारीरिक एवं मानसिक विकास, टीम भावना तथा सैन्य जागरूकता को सुदृढ़ करेंगी.
नियमित एनसीसी प्रशिक्षण के अतिरिक्त शिविर में विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञ व्याख्यान भी आयोजित किए जाएंगे. SDRF के विशेषज्ञ आपदा प्रबंधन एवं आपातकालीन प्रतिक्रिया से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान करेंगे. ARO (Army Recruiting Office Ranchi) के प्रतिनिधि भारतीय सेना में उपलब्ध रोजगार एवं कैरियर अवसरों के बारे में कैडेटों को मार्गदर्शन देंगे. इसके अतिरिक्त अंगदान (Organ Donation) तथा UNICEF के सहयोग से सामाजिक जागरूकता से संबंधित विशेष सत्र भी आयोजित किए जाएंगे.
शिविर का मुख्य विषय "जिम्मेदार, आत्मविश्वासी एवं सामाजिक रूप से जागरूक नागरिकों का निर्माण" है. प्रशिक्षण, सामुदायिक जीवन तथा विभिन्न शिक्षाप्रद गतिविधियों के माध्यम से कैडेटों में अनुशासन, नेतृत्व, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं राष्ट्रीय एकता की भावना विकसित की जाएगी.
इस शिविर की एक विशेषता सामूहिकता एवं सामुदायिक जीवन की भावना है, जिसके अंतर्गत विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों से आए कैडेट एक साथ रहेंगे, प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे तथा आपसी सहयोग एवं सौहार्द की भावना को विकसित करेंगे. यह अनुभव कैडेटों में भाईचारा, परस्पर सम्मान, सांस्कृतिक समरसता एवं टीम वर्क की भावना को मजबूत करेगा, जो राष्ट्रीय कैडेट कोर की मूल पहचान है.
इस अवसर पर कमांडिंग ऑफिसर कर्नल संतोष कुमार ने कहा कि यह शिविर कैडेटों को नेतृत्व कौशल, व्यक्तित्व विकास, अनुशासन एवं सामाजिक चेतना विकसित करने का उत्कृष्ट अवसर प्रदान करेगा तथा उन्हें राष्ट्र के जिम्मेदार नागरिक और भविष्य के नेतृत्वकर्ता बनने के लिए प्रेरित करेगा.
3 झारखंड एनसीसी बटालियन की ओर से सेंट जेवियर्स कॉलेज, रांची के प्राचार्य, प्रबंधन समिति, शिक्षकों एवं समस्त कर्मचारियों के प्रति हार्दिक आभार एवं प्रशंसा व्यक्त की गई है, जिन्होंने इस महत्वपूर्ण प्रशिक्षण शिविर के आयोजन हेतु अपने परिसर एवं आवश्यक सुविधाएँ उपलब्ध कराईं. उनके अमूल्य सहयोग, समर्थन एवं सकारात्मक सहभागिता के कारण शिविर का सफल एवं सुचारु संचालन संभव हो सका है तथा कैडेटों को उत्कृष्ट प्रशिक्षण वातावरण प्राप्त हुआ है.
इस शिविर में क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के एनसीसी कैडेट उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं. यह शिविर सैन्य प्रशिक्षण, नेतृत्व विकास, सामाजिक जागरूकता एवं सामुदायिक जीवन के मूल्यों का समन्वय करते हुए कैडेटों के लिए एक यादगार एवं लाभदायक अनुभव सिद्ध होगा.
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

डीसी ने आपूर्ति विभाग की योजनाओं की समीक्षा की, अनुपस्थित राइस मिलर्स को शो कॉज

मादक पदार्थों के खिलाफ जागरूकता अभियान तेज, डीसी ने नशा मुक्त जागरूकता रथ को किया रवाना







