'तेरी पत्नी डायन है...', अंधविश्वास की सनक में कुल्हाड़ी से भतीजे की ली जान, आरोपी को पुलिस ने दबोचा
पलामू के उंटारी रोड थाना क्षेत्र में अंधविश्वास और कथित जादू-टोना के शक में चाचा ने अपने भतीजे की टांगी से हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी प्रभु रजवार को गिरफ्तार कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी।

Palamu News: पलामू जिले में अंधविश्वास के चक्कर में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। उंटारी रोड थाना क्षेत्र के लकड़ही टोले में बुधवार की देर रात अंधविश्वास की सनक में एक चाचा ने अपने ही सगे भतीजे की धारदार हथियार (टांगी) से काटकर बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात के बाद से ही गांव में सन्नाटा और मातम पसरा हुआ है, जबकि मृतक के घर के बाहर सड़क पर फैले खून के धब्बे देर रात हुई इस खूनी खेल की भयावहता बयां कर रहे हैं।
बेटी की बीमारी को माना 'जादू-टोना', टांगी लेकर पहुंचा आरोपी
मृतक की पहचान चनका रजवार (30) के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी चाचा प्रभु रजवार की बेटी लंबे समय से बीमार चल रही थी। इलाज के बावजूद सुधार न होने पर प्रभु रजवार को यह वहम हो गया था कि उसके सगे भतीजे चनका की पत्नी 'डायन' है और वही उसकी बेटी पर जादू-टोना कर रही है। इसी शक और आक्रोश में बुधवार देर रात प्रभु रजवार धारदार टांगी लेकर भतीजे के घर पहुंच गया और उस पर ताबड़तोड़ हमला बोल दिया।
पत्नी ने भागकर बचाई जान, चनका की मौके पर ही मौत
चाचा के अचानक किए गए इस कातिलाना हमले में चनका रजवार की मौके पर ही तड़प-तड़पकर दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, पास में मौजूद मृतक की पत्नी ने किसी तरह वहां से भागकर अपनी जान बचाई, वरना वह भी इस सनक का शिकार हो जाती। घटना की पुष्टि पलामू के पुलिस अधीक्षक (SP) कपिल चौधरी ने भी की है।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई: आरोपी चाचा गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही उंटारी रोड थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने खून से लथपथ शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (MMCH), मेदिनीनगर भेज दिया।
उंटारी रोड थाना प्रभारी संतोष गिरी ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटा लिए हैं। त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्यारे चाचा प्रभु रजवार को गिरफ्तार कर लिया है।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

पाकुड़ में सनकी पति ने पत्नी और सास को उतारा मौत के घाट

पतरातू में Jio-BP आलिया फ्यूल्स का उद्घाटन, स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने किया शुभारंभ







