डिंडोरी में बारह दिन बाद फिर सजी बारात, पानी के विवाद के बाद समझौते से हुई शादी
डिंडौरी के चरखुटिया गांव में पानी को लेकर हुए विवाद के कारण जो शादी 22 अप्रैल को टूट गई थी, वह आपसी समझौते के बाद दोबारा संपन्न हुई. गांव की प्रतिष्ठा और भविष्य को देखते हुए दोनों पक्षों ने लिखित सहमति बनाई और सोमवार को पूरे रीति-रिवाज के साथ अंकिता और विजय परिणय सूत्र में बंधे.

Dindori, MP: जिले के गाड़ासरई थाना क्षेत्र अंतर्गत चरखुटिया गांव में सामाजिक सौहार्द और समझदारी की एक सुखद तस्वीर सामने आई है. यहां पानी के एक मामूली विवाद के कारण 12 दिन पहले अधूरी रह गई शादी आखिरकार सोमवार को धूमधाम से संपन्न हुई. 22 अप्रैल को अंकिता और विजय बैरागी की शादी के दौरान जयमाला की रस्म तो हो गई थी, लेकिन उसके बाद पानी को लेकर दोनों पक्षों में विवाद इतना बढ़ गया कि बात पुलिस तक पहुंच गई और बारात को बिना दुल्हन के वापस लौटना पड़ा था.
विवाद से थाने तक पहुंचा था मामला
बता दें कि उस समय विवाद के बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी, जिससे रिश्तों में कड़वाहट आ गई थी. लेकिन गांव की प्रतिष्ठा और युवक-युवती के भविष्य को ध्यान में रखते हुए समाज के प्रबुद्ध जनों ने मध्यस्थता की. इसमें एडवोकेट काशी मरावी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और दोनों पक्षों को बातचीत की मेज पर लाकर आपसी सहमति बनाने के लिए प्रेरित किया.
स्टांप पेपर पर समझौते के साथ लिए फेरे
आपसी सुलह होने के बाद सोमवार को विजय बैरागी की बारात दोबारा गाजे-बाजे के साथ चरखुटिया गांव पहुंची. भविष्य में फिर कभी ऐसा विवाद न हो, इसके लिए दोनों परिवारों ने स्टांप पेपर पर लिखित समझौता भी किया. इसके बाद पूरे वैदिक रीति-रिवाज और धार्मिक अनुष्ठानों के साथ विवाह संपन्न हुआ. गांव वालों ने इस पहल की सराहना की है, क्योंकि इससे न केवल दो परिवारों का रिश्ता बचा, बल्कि गांव का सम्मान भी बरकरार रहा.
Report By - Kamlakant Pandey
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

रायसेन में AI के माध्यम से खनिज विभाग ने अवैध परिवहन पर कसी नकेल, कलेक्टर के निर्देश पर जारी हुए डिमांड नोट

MP: इंदौर के तीन इमली चौराहे के पास डिपो में खड़ी बस में लगी भीषण आग, 5 बसें जलकर खाक







