डिंडोरी के पतेरा टोला में गहराया जल संकट, दूषित पानी पीने को मजबूर ग्रामीण
पानी की किल्लत के बीच गांव के ही एक घर से बोरिंग का पानी पीने के लिए दिया जा रहा है, लेकिन बदले में 200 रुपए प्रति माह लिया जाता है.

Dindori, MP: डिंडोरी जिले के ग्राम पंचायत नेवसा के पतेरा टोला में इन दिनों भीषण जल संकट बना हुआ है. गांव के करीब 40 से 45 परिवार पानी की समस्या से जूझ रहे हैं. हालात ऐसे हैं कि केंद्र सरकार की नल-जल योजना भी ग्रामीणों की प्यास नहीं बुझा पा रही है.
ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायत की लापरवाही के कारण उन्हें नियमित पानी नहीं मिल रहा है. मजबूरी में लोग दूषित कुएं का पानी उपयोग कर रहे हैं, जिससे बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है. महिलाओं और बच्चों को सबसे ज्यादा परेशानी उठानी पड़ रही है. कई बार दूर-दूर तक जाकर पानी लाना उनकी मजबूरी बन गया है.
ग्रामीणों ने बताया कि गांव में एक निजी बोरिंग से पानी दिया जा रहा है, जिसके बदले हर परिवार से 200 रुपए महीने लिए जाते हैं. आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए यह अतिरिक्त बोझ बन गया है.
पानी की समस्या से परेशान ग्रामीण कलेक्ट्रेट पहुंचे और जनसुनवाई में कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया को अपनी समस्या बताई. ग्रामीण दूषित पानी की बोतल भी साथ लेकर पहुंचे ताकि प्रशासन को हालात की गंभीरता दिखाई जा सके. अब देखना होगा कि प्रशासन इस समस्या का समाधान कितनी जल्दी कर पाता है.
(डिंडोरी से कमला कांत पांडेय की रिपोर्ट)
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

MP: बाड़ी में ईद-उल-अजहा को लेकर हाई अलर्ट, शांति समिति की बैठक में आमने-सामने हुए मुस्लिम समाज के दो गुट

MP: चोरी के एक मामले का पुलिस ने किया खुलासा, 3 लोग गिरफ्तार







