Venezuela Earthquake : वेनेजुएला में भूकंप से तबाही, कई इमारतें जमींदोज, 10 हजार से 1 लाख लोगों के मारे जाने की आशंका
वेनेजुएला में पिछले 126 साल का सबसे बड़ा भूकंप आया है. इसकी तीव्रता 7.2 और 7.5 बताई जा रही है. लोगों के कैमरों में कई खतरनाक मंजर कैद हुए हैं, जो दिल दहला देने वाले हैं.

Venezuela Earthquake : दक्षिण अमेरिकी शहर वेनेजुएला एक मिनट के अंदर आए दो भीषण भूकंप के झटकों से दहल उठा है. गुरुवार की सुबह करीब 3 बजकर 34 और 3 बजकर 35 मिनट पर ये दोनों झटके महसूस किए गए. भूकंप के झटके इतने तीव्र थे कि देश के कई शहरों में बड़ी-बड़ी इमारतें जमींदोज हो गई. जियोलॉजिकल सर्वे के मुताबिक इस त्रासदी में जान गंवाने वाले लोगों की संख्या 10 हजार से लेकर 1 लाख तक भी जा सकती है. फिलहाल बचाव कार्य जारी है और ताजा अपडेट के अनुसार 32 लोगों की मौत की पुष्टि की गई है. वहीं अमेरिका ने मदद भेजनी शुरू कर दी है.
भूकंप के बाद कराकस में बिजली गुल, मेट्रो-ट्रेन सेवाएं बंद
वेनेजुएला में आए शक्तिशाली भूकंप के बाद राजधानी कराकस के कई इलाकों में बिजली गुल हो गई है. एहतियात के तौर पर कराकस और पड़ोसी मिरांडा राज्य में मेट्रो और ट्रेन सेवाएं भी बंद कर दी गई हैं. गुरुवार सुबह कराकस के पश्चिमी हिस्से के कई इलाकों में अंधेरा छाया रहा. भूकंप के झटकों से कई पानी की पाइपलाइनें फट गईं, जिससे सड़कों पर पानी भर गया. प्रशासन प्रभावित इलाकों में बिजली और पानी की व्यवस्था बहाल करने के साथ-साथ राहत एवं बचाव अभियान चला रहा है. कई जगहों पर क्षतिग्रस्त इमारतों की जांच और मलबा हटाने का काम भी जारी है.
वेनेजुएला में भूकंप आने की वजह
वेनेज़ुएला उस इलाके में स्थित हैं, जहां भूकंप का खतरा सबसे ज्यादा रहता है. यहां दो टेक्टोनिक प्लेटें हैं- कैरीबियन प्लेट और साउथ अमेरिकन प्लेट. यहां दोनों प्लेटें आपस में मिलती हैं.
USGS के अनुसार, दो भूकंपों में दूसरा और ज्यादा ताकतवर झटका इन प्लेटों की सीमा के पास हलचल के कारण आया. प्लेटों के बीच मौजूद फॉल्ट लाइन यानी दरारें हॉरिजॉन्टिली खिसकती हैं. जब यह खिसकना अचानक और तेज गति से होता है तो भूकंप आता है. आगे भी झटके आने की आशंका है, जिनमें कुछ झटके काफी तेज हो सकते हैं.
पीएम मोदी बोले- वेनेजुएला की हरसंभव मदद को तैयार भारत
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वेनेजुएला में आए विनाशकारी भूकंप पर गहरा दुख जताया है. मोदी ने X पर लिखा कि भारत इस मुश्किल समय में वेनेजुएला के लोगों के साथ खड़ा है और जरूरत पड़ने पर हरसंभव सहायता देने के लिए तैयार है.
दक्षिण अमेरिका के 8 देश मदद के लिए आए आगे
दक्षिण अमेरिका के 8 देशों ने वेनेजुएला हरसंभव मदद का भरोसा दिया है. ब्राजील, अर्जेंटीना, पेरू, मेक्सिको, कोलंबिया, बोलीविया, कोस्टा रिका और एल सल्वाडोर ने संवेदना व्यक्त करते हुए राहत और बचाव कार्य में सहयोग की पेशकश की है.
इन देशों की सरकारों ने अलग-अलग बयान जारी कर भूकंप में जान गंवाने वालों के प्रति शोक व्यक्त किया. साथ ही कहा कि जरूरत पड़ने पर वे राहत सामग्री, मानवीय सहायता और रेस्क्यू टीम उपलब्ध कराने के लिए तैयार हैं.
भूकंप आने की वजह
हमारी धरती की सतह मुख्य तौर पर 7 बड़ी और कई छोटी-छोटी टेक्टोनिक प्लेट्स से मिलकर बनी है. ये प्लेट्स लगातार तैरती रहती हैं और कई बार आपस में टकरा जाती हैं.
टकराने से कई बार प्लेट्स के कोने मुड़ जाते हैं और ज्यादा दबाव पड़ने पर ये प्लेट्स टूटने लगती हैं. ऐसे में नीचे से निकली ऊर्जा बाहर की ओर निकलने का रास्ता खोजती है और इस डिस्टर्बेंस के बाद भूकंप आता है.
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.









