लाठियां खाईं, सड़क पर संघर्ष किया…, अब बोकारो में 1298 झारखंड आंदोलनकारियों को मिला सम्मान
अलग झारखंड राज्य की मांग को लेकर बरसों तक सड़कों पर संघर्ष करने और लाठियां खाने वाले आंदोलनकारियों के सम्मान में शनिवार को बोकारो में बड़ा आयोजन हुआ।
Bokaro: अलग झारखंड राज्य की मांग को लेकर बरसों तक सड़कों पर संघर्ष करने और लाठियां खाने वाले आंदोलनकारियों के सम्मान में शनिवार को बोकारो में बड़ा आयोजन हुआ। जिला प्रशासन की ओर से आयोजित इस खास समारोह में जिले भर के कुल 1298 चिह्नित आंदोलनकारियों को पूरे मान-सम्मान के साथ नवाजा गया। बोकारो के उपायुक्त (DC) अजय नाथ झा और पुलिस अधीक्षक (SP) नाथू सिंह मीणा ने खुद मंच पर मौजूद रहकर सभी आंदोलनकारियों को मोमेंटो और प्रशस्ति-पत्र सौंपकर उनका आभार जताया।
'यह केवल सम्मान नहीं, आपके त्याग और संघर्ष को नमन'
समारोह में मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए डीसी अजय नाथ झा काफी भावुक नजर आए। उन्होंने साफ कहा कि यह महज कोई औपचारिक सरकारी कार्यक्रम नहीं है, बल्कि उस लंबे संघर्ष, बेहिसाब त्याग और मजबूत संकल्प को नमन है जिसकी बदौलत आज अलग झारखंड राज्य का सपना साकार हो पाया है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि झारखंड आंदोलनकारियों का बलिदान और योगदान इतिहास में हमेशा याद रखा जाएगा।
किस प्रखंड से कितने वीरों को मिला सम्मान?
इस समारोह में जिले के हर एक प्रखंड से आंदोलनकारियों को आमंत्रित किया गया था। आंकड़ों पर नजर डालें तो सबसे ज्यादा पेटरवार से 291 आंदोलनकारियों को सम्मानित किया गया। इसके अलावा चास से 266, कसमार से 211, जरीडीह से 194, गोमिया से 146, चंद्रपुरा से 91, नावाडीह से 55, चंदनकियारी से 26 और बेरमो प्रखंड से 18 आंदोलनकारियों को मंच पर बुलाकर सम्मानित किया गया।
हॉल में दिखा भावुक और गर्व से भरा माहौल
प्रशस्ति-पत्र और मोमेंटो हाथ में आते ही कई बुजुर्ग आंदोलनकारियों के चेहरे पर पुराने दिनों के संघर्ष की यादें ताजा हो गईं और माहौल पूरी तरह भावुक हो गया। लंबे समय तक चले इस आंदोलन के साथियों ने एक-दूसरे से मिलकर पुरानी बातें साझा कीं। पूरा सभागार राज्य निर्माण के इन असली नायकों के सम्मान में तालियों की गड़गड़ाहट और गर्व के अहसास से गूंजता रहा।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

रांची NIA कोर्ट में नक्सली कृष्णा दा के दो मुकदमों की सुनवाई, अब 18 सितंबर को होगी अगली पेशी
रांची में आयुष्मान अस्पतालों पर बड़ा फैसला, 2 को मिली मंजूरी और 2 के आवेदन खारिज







