छात्रों की सुरक्षा से खिलवाड़ नहीं!, रांची में Physics Wallah विद्यापीठ पर नगर निगम ने जड़ा ताला
रांची नगर निगम ने सुरक्षा मानकों का पालन नहीं करने पर लालपुर स्थित Physics Wallah Vidyapeeth को सील कर दिया। जांच में फायर NOC, वैध ट्रेड लाइसेंस और वेंटिलेशन से जुड़ी कमियां मिलीं। नोटिस की समय सीमा खत्म होने के बाद निगम ने कार्रवाई की।

Ranchi News : राजधानी रांची में कोचिंग संस्थानों और लाइब्रेरी की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नगर निगम का कड़ा रुख जारी है। इसी कड़ी में नगर निगम की टीम ने लालपुर स्थित प्रणामी हाइट्स में चल रहे 'Physics Wallah Vidyapeeth' के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए संस्थान को सील कर दिया। सुरक्षा मानकों की अनदेखी और नियमों का पालन न करने पर हुई इस अचानक कार्रवाई से शहर के कोचिंग संचालकों के बीच हड़कंप मच गया है।
क्या-क्या जांच रही है नगर निगम की टीम
नगर निगम की स्पेशल टीम शहर के सभी कोचिंग सेंटरों में फायर एनओसी (NOC), आग से बचाव के उपकरण, बिजली की सुरक्षा, वेंटिलेशन, इमरजेंसी में बाहर निकलने के रास्ते और विद्यार्थियों की क्षमता से जुड़ी व्यवस्थाओं की सघन जांच कर रही है। इसके अलावा संस्थान वैध ट्रेड लाइसेंस और भवन उपनियमों के तहत चल रहे हैं या नहीं, इसे भी खंगाला जा रहा है।
नोटिस की मियाद खत्म होते ही एक्शन में आई टीम
जांच के दौरान फिजिक्स वाला विद्यापीठ में फायर NOC की कमी, वैध ट्रेड लाइसेंस का न होना और वेंटिलेशन जैसी कई बड़ी कमियां पाई गई थीं। यह झारखंड नगरपालिका अधिनियम 2011 और ट्रेड लाइसेंस रूल्स 2017 का सीधे तौर पर उल्लंघन था। निगम ने पहले संस्थान को नोटिस जारी कर कमियां दूर करने के लिए 3 दिनों का समय दिया था। तय समय सीमा खत्म होने के बाद भी जब सुधार नहीं किया गया, तो निगम ने सीलिंग की कार्रवाई कर दी।
हरिओम टावर के 5 बड़े कोचिंग सेंटरों पर भी गिर चुकी है गाज
नगर निगम की यह कार्रवाई सिर्फ एक जगह तक सीमित नहीं है। इससे पहले 2 सितंबर को भी नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले हरिओम टावर स्थित पांच बड़े कोचिंग संस्थानों को सील कर दिया गया था। उनमें द पाठशाला, पतंजलि आईएएस एकेडमी, मोशन एकेडमी, क्लैट प्रिपरेशन और चैतन्या आईएएस एकेडमी शामिल थे। नगर निगम ने साफ कर दिया है कि छात्रों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले किसी भी संस्थान को बख्शा नहीं जाएगा।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

रांची में पुलिस क्वार्टर का ताला तोड़कर उड़ाये थे पंखे और तार, रबाडा गैंग के दो चोर दबोचे गए

कोडरमा पहुंचे हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश, व्यवहार न्यायालय का किया निरीक्षण, वकीलों की सुनीं समस्याएं







