Alvida Jumma Mubarak 2026: आज रमजान के पवित्र महीने के आखिरी जुमे (अलविदा जुमा) का दिन है. यह दिन रमजान के आखिरी शुक्रवार को अलविदा जुमा या जुमात-उल-विदा के रूप में मनाया जाता है. इस दिन मस्जिदों और दरगाहों में रोजेदार और नमाजी भारी संख्या में एकत्र होते हैं और अलविदा जुमा में अल्लाह की इबादत करते हैं. इसे लेकर राजधानी रांची सहित पूरे झारखंड और देशभर के सभी मस्जिदों, दरगाहों में तैयारियां पूरी कर ली गई है. साफ-सफाई और नमाज की व्यवस्था भी मुकम्मल कर ली गई है.
वर्षों बाद खास और दुर्लभ संयोग
बता दें, इस बार रमजान का पवित्र महीना एक खास और दुर्लभ संयोग लेकर आया है. पिछले 26 वर्षों बाद ऐसा अवसर आया है जब पूरे रमजान में कुल 5 जुमें पड़ रहे हैं. जिसने अल्लाह की इबादत और दुआओं की अहमियत को ओर बढ़ा दिया है. अकीदत और एहतराम के साथ आज रमजान का आखिरी जुमा अदा किया जाएगा. अलविदा जुमा का दिन रमजान के रुखसत होने का पैगाम देता है इसके साथ ही आज का यह दिन नमाजी और रोजेदारों को तौबा, इबादत और दुआओं का मौका देता है.
5 जुमों को धार्मिक विद्वान बता रहें खास रहमत
धार्मिक विद्वानों के अनुसार, आमतौर पर पवित्र महीने रमजान में 4 जुमे होते है लेकिन इस बार 5 जुमें पड़ रहे हैं जिसे मुस्लिम समुदाय के लोग अल्लाह की खास नेमत मान रहे हैं विद्वानों का कहना है कि यह समय अपने गुनाहों की माफी मांगने और इबादत को मुक्कमल करने का खास अवसर होता है. इसके अलावे अलविदा जुमा पर ही रमजान का आखिरी दिन पड़ रहा है. आपको बता दें, भारत में 21 मार्च को ही ईद-उल-फितर की तारीख निर्धारित है ऐसे में पवित्र महीने का आखिरी दिन और अलविदा जुमा का एक ही दिन रहना भी खास संयोग है.
अलविदा जुमा पर वर्षों बाद खास इत्तेफाक
अलविदा जुमा पर आखिरी रमजान- इस बार अलविदा जुमा बेहद खास संयोग में पड़ा है. अलविदा जुमा पर रमजान का आखिरी दिन भी रहने वाला है. बता दें कि भारत में 21 मार्च 2026 को ईद-उल-फितर की तिथि निर्धारित की गई है. ऐसे में रमजान का आखिरी दिन और अलविदा जुमा एक ही रहने वाला है.
सउदी अरब सहित कई देशों में आज मनाई जा रही ईद
रमजान का आखिरी जुमा यानी अलविदा जुमा और ईद के दिन बेहद खास होते है इन दोनों दिनों विशेष नमाज अदा की जाती है. इस साल संयोग ऐसा भी बना है कि, ईद जुमे के दिन ही मनाई जा रही है. आपको बता दें, सउदी अरब सहित संयुक्त अरब अमीरात (यूएई), कतर, कुवैत, बहरीन, यमन, तुर्की, फ़िलिस्तीन, जॉर्डन, लेबनान, फिलीपींस, फ़्रांस, संयुक्त राज्य अमेरिका और ऑस्ट्रेलिया, जर्मनी जैसे कई देशों में आज 20 मार्च को ही ईद मनाई जा रही है. हालांकि भारत में 21 मार्च 2026 (शनिवार) को ईद मनाई जाएगी.









