President Jharkhand Visit: रांची पहुंची राष्ट्रपति, 29 को जमशेदपुर के लिए होंगी रवाना, तीन दिनों का है झारखंड दौरा
राष्ट्रपति के स्वागत में प्रशासन सहित सारी सुरक्षा एजेंसियों द्वारा कड़े इंतजाम किए हुए हैं. राष्ट्रपति का यह झारखंड दौरा तीन दिवसीय रहने वाला है. रविवार शाम उनका राज्यपाल द्वारा स्वागत किया गया. सोमवार सुबह जमशेदपुर के लिए रवाना होंगी.

President Jharkhand Visit: रविवार शाम करीब 6 बजे राष्ट्रपति द्रौपदी मुरमू रांची पहुंची. जहां राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राष्ट्रपति का स्वागत किया. बता दें कि राष्ट्रपति अपने तीन दिन के झारखंड दौरे पर हैं.
राज्यपाल ने सोशल मीडिया में पोस्ट कर लिखा -
माननीया राष्ट्रपति महोदया, लोक भवन, रांची में आपका हार्दिक स्वागत एवं है.
आपके आगमन से संपूर्ण लोक भवन परिवार में हर्ष एवं उत्साह का वातावरण व्याप्त है.

29 दिसंबर को जाएंगी लौहनगरी
राष्ट्रपति 29 दिसंबर को 9.45 बजे लोकभवन से बिरसा मुंडा एयरपोर्ट जाएंगी, जहां से वह जमशेदपुर के लिए उड़ान भरेंगी. राष्ट्रपति जमशेदपुर स्थित सोनारी एयरपोर्ट से सड़क मार्ग से सुबह 10.45 बजे करनडीह स्थित दिशोम जाहेर स्थान पहुंचकर पूजा अर्चना करेंगी तथा यहां पंडित रघुनाथ मुर्मू की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगी.
इसके बाद वह ओल चिकी के शताब्दी समारोह में सम्मिलित होंगी. उसी दिन वह जमशेदपुर के ही एनआईटी में आयोजित 15वें दीक्षा समारोह को संबोधित करेंगी. राष्ट्रपति दोनों कार्यक्रमों में शिरकत करने के बाद शाम साढ़े चार बजे रांची वापस लौट जाएंगी, जहां लोकभवन में रात्रि विश्राम करेंगी.
एनआईटी जमशेदपुर का 15वां दीक्षांत समारोह
इसी दिन राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) जमशेदपुर के 15वें दीक्षांत समारोह में भी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी. समारोह में कुल 1,114 डिग्रियां प्रदान की जाएंगी, जिनमें दो मानद उपाधियां शामिल हैं. 612 विद्यार्थी स्वयं उपस्थित होकर डिग्री प्राप्त करेंगे. इस अवसर पर राष्ट्रपति दो स्वर्ण पदक और दो मानद उपाधियां भी प्रदान करेंगी. एनआईटी निदेशक प्रो. गौतम सूत्रधार ने इसे संस्थान और विद्यार्थियों के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताया.
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू जब दिशोम जाहेरथान की देहरी पर कदम रखेंगी, तो यह महज एक संवैधानिक दौरा नहीं, बल्कि हापड़म (पुरखों) के आशीर्वाद और अपनी संस्कृति के प्रति कृतज्ञता का एक महापर्व होगा. सखुआ के ऊंचे वृक्षों से छनकर आती धूप और मिट्टी की सौंधी खुश्बू के बीच राष्ट्रपति अपने कार्यक्रम की शुरुआत करेंगी.
सुरक्षा के हैं पुख्ता इंतजाम
जमशेदपुर के एक दिवसीय दौरे पर भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 29 दिसंबर को शहर पहुंचेंगी. राष्ट्रपति अपने दौरे के दौरान कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में भाग लेंगी. उनके आगमन को लेकर जिला प्रशासन और सभी सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड में हैं और तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है.
30 दिसंबर को राष्ट्रपति का गुमला दौरा
अगले दिन 30 दिसंबर को राष्ट्रपति लोकभवन से सुबह लगभग 9.45 बजे बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पहुंचेंगी, जहां से उनका विमान छत्तीसगढ़ के जसपुर में लैंड करेगा. राष्ट्रपति वहां से सड़क मार्ग से 20-25 किमी की दूरी तय कर झारखंड के गुमला में रायडीह के माझाटोली स्थित पंखराज साहेब कार्तिक उरांव चौक पहुंचेंगी.
यहां वह कार्तिक उरांव की प्रतिमा पर माल्यार्पण के बाद अंतर्राज्यीय जनसंस्कृति समागम समारोह कार्तिक जतरा में मुख्य अतिथि होंगी.
इस कार्यक्रम में केंद्रीय जनजातीय मामले के मंत्री जुएल ओराम, झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी भी भाग लेंगे. कार्यक्रम के बाद जसपुर से उड़ान भरकर अपराह्न 2.45 बजे रांची स्थित बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पहुंचेंगी, जहां से वह दिल्ली के लिए रवाना होंगी.









