Bihar (Motihari): मोतिहारी में टैक्स चोरी के खिलाफ राज्य कर विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शहर के दो प्रतिष्ठित व्यवसायिक प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की. यह कार्रवाई राज्य कर अपर आयुक्त (प्रशासन), मुजफ्फरपुर के निर्देश पर की गई.
राज्य-कर विभाग की विशेष टीम ने मोतिहारी के आभा इंटरप्राइजेज और पावर वर्क कनेक्ट प्रा. लि. नामक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया. छापेमारी के दौरान अधिकारियों ने व्यापारिक खाताबही, कर बीजक, बैंक स्टेटमेंट और भौतिक स्टॉक की जांच करते हुए कई दस्तावेज जब्त किए.
प्रारंभिक जांच में करोड़ों रुपये की संभावित कर चोरी का खुलासा हुआ है. बताया जा रहा है कि संबंधित व्यवसायियों द्वारा छड़ और सीमेंट की बोगस बिलिंग कर ठेकेदारों और कार्य-संवेदकों को फर्जी तरीके से इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) ट्रांसफर किया जा रहा था.
राज्य कर संयुक्त आयुक्त (प्रभारी) पूर्वी चम्पारण संतोष कुमार ने बताया कि निरीक्षण के दौरान व्यवसायियों ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए मौके पर ही 60 लाख रुपये GST के रूप में जमा कर दिए हैं.
उन्होंने बताया कि जांच अभी जारी है और आगे जीएसटी अधिनियम के तहत कर, ब्याज और पेनल्टी लगाकर वसूली की कार्रवाई की जाएगी.
छापेमारी की सूचना मिलते ही शहर के अन्य कारोबारियों में अफरातफरी मच गई. विभाग ने सभी व्यवसायियों से अपील की है कि वित्तीय वर्ष 2025-26 के अंतिम माह मार्च 2026 में समय पर GST रिटर्न दाखिल करें और कर भुगतान सुनिश्चित करें.
रिपोर्ट: प्रतीक सिंह








