LPG गैस की बढ़ती किल्लत को ध्यान में रखते हुए इसके विकल्पों की तलाश बहुत आवश्यक हो जाती है. इसके कई विकल्प हो सकते हैं. आप चाहें तो सोलर कूकर का प्रयोग कर सकते हैं, बायोगैस भी एक बेहतरीन विकल्प हो सकता है, आपके पास बिजली की पर्याप्त व्यवस्था है तो आप इंडक्शन का भी उपयोग कर सकते हैं. एक और अच्छा विकल्प है खाना बनाने के लिए प्राकृतिक गैस. इन सब पर एक-एक कर चर्चा करते हैं, जिनका अपने सुविधानुसार आप इस्तेमाल कर पाएं.
सोलर कूकर
देश में कई जगहों पर एलपीजी की किल्लत चल रही है. जहां उपलब्ध है वहां इसकी उपलब्धता महंगी हो गई है. ऐसे में लोग खाना बनाने के विकल्प की तलाश में हैं. इसी बीच Indian Oil ने अपनी वेबसाइट पर अपडेट कर सोलर कूकर के तौर पर एक नया विकल्प सामने रखा है. हालांकि उनके वेबसाइट से इसे सीधा खरीदा नहीं जा सकता.

इंडक्शन
आपके पास बिजली और संसाधन की उपलब्धता है, तो आप इंडक्शन के चूल्हे का प्रयोग कर सकते हैं.
इंडक्शन चूल्हा 1 घंटे में अपनी वाट क्षमता के अनुसार बिजली खाता है; उदाहरण के लिए, 1200W का चूल्हा 1.2 यूनिट और 2000W का चूल्हा 2 यूनिट बिजली (kWh) खपत करता है, लेकिन यह लगातार पूरी क्षमता पर नहीं चलता, जिससे वास्तविक खपत कम होती है और खाना पकाने की प्रक्रिया के आधार पर यह 0.35 kWh (350W) से 2 kWh तक हो सकती है.

बायोगैस
गांव में रहने वालों के लिए बायोगैस अथवा गोबर गैस का उपयोग एक अच्छा विकल्प हो सकता है. गांवों में गोबर आसानी से उपलब्ध हो जाती है, जिसका एक बार सेट-अप लगाने के बाद बस प्रतिदिन आपको सफाई के साथ गोबर घोलकर उसके चैंबर में डालना होता है.
वहीं लगभग इसी तरह बायोगैस भी काम करता है, इसमें सिर्फ गोबर की जगह रसोई में प्रयुक्त सब्जियों के बचे हुए जैविक कचड़े का प्रयोग किया जाता है. बायोगेस या गोबर गैस के प्रयोग की सबसे खास बात है कि इसमें एलपीजी की तरह खतरा नहीं होता.

नैचुरल गैस
पाइप्ड नेचुरल गैस (Piped Natural Gas) मुख्य रूप से मीथेन से बनी एक स्वच्छ, सुरक्षित और किफायती ईंधन है, जो अंडरग्राउंड पाइपलाइन के माध्यम से सीधे घरों और उद्योगों तक पहुंचती है. यह LPG सिलेंडर की तरह बुकिंग या भारी सिलेंडरों के भंडारण की आवश्यकता को खत्म करती है, जिससे यह रसोई के लिए एक सुविधाजनक विकल्प बन गई है.









