Jharkhand (Godda): जिले के हनवारा थाना क्षेत्र अंतर्गत महागामा प्रखंड के परसा गांव में स्थित मिल्लत कॉलेज परसा, जो सिद्धू कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय के अंतर्गत संचालित एक सरकारी और प्रतिष्ठित कॉलेज माना जाता है, इन दिनों जबरदस्त विवादों में घिरा हुआ है. ग्रामीण बहुल इलाके में स्थित यह कॉलेज कभी इस क्षेत्र की शान हुआ करता था. यहां से पढ़कर छात्र मास्टर, प्रोफेसर, इंजीनियर, डॉक्टर और बड़े-बड़े अधिकारी बने हैं. कभी यह संस्थान अनुशासन और शिक्षा की मिसाल माना जाता था. लेकिन वक्त के साथ तस्वीर बदलती नजर आ रही है.
26 जनवरी गणतंत्र दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्व पर, जहां देशभक्ति और सांस्कृतिक गरिमा दिखनी चाहिए थी, वहीं मिल्लत कॉलेज परसा में कथित तौर पर अश्लील गाने बजाए गए और उन पर डांस कराया गया. सोशल मीडिया पर जैसे ही कॉलेज परिसर में अश्लील गानों पर डांस का वीडियो वायरल हुआ, हड़कंप मच गया. स्थानीय लोगों का कहना है कि यह कोई पहली घटना नहीं है. साल 2023, 2024 और अब 2026 में आरोप है कि कॉलेज के प्राचार्य डॉ. तुषार कांत के कार्यकाल में बार-बार ऐसे कार्यक्रम आयोजित हुए, जिनसे कॉलेज की छवि धूमिल हुई. 
वहीं, अश्लीन गानों में ठुमके लगाने की नक्षत्र न्यूज़ की खबर के बाद प्रशासन हरकत में आया और मामला तब और तूल पकड़ गया जब नक्षत्र न्यूज़ ने इस खबर को प्रमुखता से दिखाई. इस मामले में जिला प्रशासन ने संज्ञान लिया. उपायुक्त अंजली यादव ने मिल्लत कॉलेज परसा के प्राचार्य से 24 घंटे के भीतर लिखित स्पष्टीकरण तलब किया है. प्रशासन ने साफ सवाल पूछे हैं किन परिस्थितियों में ऐसे सांस्कृतिक कार्यक्रम की अनुमति दी गई? मंच पर अश्लील प्रस्तुति कैसे हुई? कॉलेज प्रशासन की जिम्मेदारी कहां थी?
खबर लिखे जाने तक कॉलेज प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है. लेकिन सवाल यही है कि ज्ञान का मंदिर कहे जाने वाले कॉलेज में गणतंत्र दिवस पर अश्लील गानों की गूंज आखिर क्यों? क्या प्रशासन की कार्रवाई से कॉलेज की खोई हुई गरिमा लौटेगी या यह मामला भी फाइलों में दब कर रह जाएगा?
रिपोर्ट- प्रिंस यादव








