रांची में तेजी से पैर पसार रहा स्वाइन फ्लू!, प्राइवेट अस्पतालों में मिले संक्रमित मरीज ; डॉक्टरों के लिए मास्क अनिवार्य
राजधानी रांची में स्वाइन फ्लू (Swine Flu) के बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह सतर्क हो गया है।


Ranchi News: राजधानी रांची में स्वाइन फ्लू (Swine Flu) के बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह सतर्क हो गया है। सरकारी अस्पतालों के साथ-साथ शहर के निजी अस्पतालों में भी लगातार संक्रमित मरीजों की पुष्टि होने के बाद यह सतर्कता और बढ़ा दी गई है। संदिग्ध मरीजों के सैंपल जांच के लिए प्राइवेट लैब में भेजे जा रहे हैं, जहां संक्रमण के नए केस सामने आ रहे हैं। रविवार को राजधानी की एक निजी लैब में जांच के लिए आए छह सैंपलों में से दो निजी अस्पतालों में भर्ती मरीजों में स्वाइन फ्लू संक्रमण की पुष्टि हुई है। निजी अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, जांच रिपोर्ट में संक्रमण की पुष्टि होते ही इसकी पूरी जानकारी तुरंत एकीकृत रोग निगरानी कार्यक्रम (IDSP) को भेजी जा रही है।
अस्पतालों में आइसोलेशन वार्ड और बेड आरक्षित करने के निर्देश
संक्रमण के खतरे को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने सभी सरकारी और निजी अस्पतालों को हर स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने के कड़े निर्देश दिए हैं। विभाग ने अस्पतालों में विशेष आइसोलेशन विंग बनाने और संदिग्ध व संक्रमित मरीजों के लिए अलग से बेड आरक्षित करने को कहा है। इसके साथ ही अस्पतालों में डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ को मास्क लगाकर ही मरीजों को परामर्श देने का निर्देश दिया गया है। डॉक्टरों को यह भी कहा गया है कि वे संक्रमित मरीजों और उनके तीमारदारों को जरूरी सावधानियां बरतने तथा संक्रमण से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक करें ताकि बीमारी को फैलने से रोका जा सके।

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.









