गिरिडीह के उसरी तट पर राजकीय सम्मान से सुदिव्य कुमार को मुखाग्नि, 3:30 बजे होगा अंतिम संस्कार
झारखंड सरकार के दिवंगत मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू का अंतिम संस्कार रविवार छह सितंबर को पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जा रहा है।
Sudivya Kumar Sonu: झारखंड सरकार के दिवंगत मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू का अंतिम संस्कार रविवार छह सितंबर को पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जा रहा है। इस संबंध में मंत्रिमंडल सचिवालय एवं निगरानी विभाग के विशेष कार्य पदाधिकारी अखिलेश कुमार सिन्हा ने गिरिडीह के उपायुक्त (DC) को पत्र भेजकर आवश्यक प्रशासनिक तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया है। राज्य सरकार ने फैसला लिया है कि जनप्रिय नेता और कैबिनेट मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी जाएगी।
उसरी नदी के हरसिंहरायडीह घाट पर होगा अंतिम संस्कार
जारी पत्र के अनुसार, दिवंगत मंत्री के पार्थिव शरीर की अंत्येष्टि रविवार अपराह्न साढ़े तीन बजे गिरिडीह स्थित उसरी नदी के तट पर बने हरसिंहरायडीह श्मशान घाट में की जाएगी। अंतिम संस्कार के वक्त पुलिस बल द्वारा उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया जाएगा और राजकीय सम्मान की सभी परंपराएं पूरी की जाएंगी। इस मौके पर राज्य सरकार के कई मंत्री, विधायक, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और हजारों की संख्या में क्षेत्र की जनता अपने चहेते नेता को अंतिम विदाई देने श्मशान घाट पहुंच रही है।
देर रात आया था हार्ट अटैक, इलाज के दौरान तोड़ा दम
मिली जानकारी के मुताबिक, शनिवार देर रात मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू को अचानक सीने में तेज दर्द हुआ और उन्हें तत्काल गिरिडीह के मर्सी अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की हरसंभव कोशिश की, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। सुदिव्य कुमार सोनू हेमंत सोरेन सरकार में नगर विकास एवं आवास, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा और पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य जैसे कई बड़े विभागों की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।
पूरे राज्य में शोक की लहर, दिग्गज नेताओं ने दी श्रद्धांजलि
उनके अचानक निधन से राज्य के राजनीतिक और सामाजिक हलकों में गहरा सन्नाटा और शोक पसर गया है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन समेत झारखंड के तमाम बड़े नेताओं, मंत्रियों और पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनके निधन पर गहरा दुख जताया है। अपने जननेता की अंतिम यात्रा में शामिल होने और उनके अंतिम दर्शन करने के लिए गिरिडीह में समर्थकों और आम लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा है।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.






