NH-33 पर डिवाइडर से टकराई तेज रफ्तार कार, युवती समेत दो की मौत
जमशेदपुर के NH-33 पर पिपला पुल के पास तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में युवती समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो घायल हुए। पुलिस जांच में जुटी है।

Jamshedpur: NH-33 पर गुरुवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में युवती समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा MGM थाना क्षेत्र के पिपला पुल के पास सुबह करीब 4 बजे हुआ। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
टक्कर के बाद कार में फंसे लोग, पुलिस ने पहुंचाया अस्पताल
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। इसी दौरान सड़क पर गश्त कर रही MGM थाना पुलिस की टीम को दुर्घटना की जानकारी मिली। पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और कार में फंसे लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में जांच के बाद चिकित्सकों ने दो लोगों को मृत घोषित कर दिया। वहीं हादसे में घायल दो लोगों का इलाज शुरू किया गया।
युवती समेत दो की गई जान
पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान सीसीर दुम्बी चातोंबा उर्फ डिम्पी चातोंबा (22) और सुरजीत सिंह के रूप में हुई है। दोनों के शवों को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए MGM अस्पताल भेज दिया है।
हादसे की खबर मिलने के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया।
दो घायल, एक को RIMS किया गया रेफर
दुर्घटना में गोलमुरी नामदा बस्ती निवासी गुरुदेव सिंह उर्फ राहुल और चाईबासा के जटेंया निवासी सुनीता तुबिद घायल हुए हैं। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।
गुरुदेव सिंह की हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए RIMS रेफर कर दिया। वहीं सुनीता तुबिद का इलाज टाटा मुख्य अस्पताल में चल रहा है। चिकित्सक उनकी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
हादसा कैसे हुआ? जांच में जुटी पुलिस
MGM थाना प्रभारी सचिन दास ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। मृतकों के परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी गई है।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। हादसा किस वजह से हुआ, इसकी पड़ताल की जा रही है। पुलिस दुर्घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

गढ़वा में गजब का फर्जीवाड़ा!, 30 टन मक्का बेचकर रचा एक्सीडेंट का नाटक, बकाया पैसा लेने पहुंचा चालक गिरफ्तार

"CID जांच सही तरीके से नहीं हो रही...", JPSC-JSSC परीक्षा रद्द करने और CBI जांच के लिए हाईकोर्ट में PIL दायर







