Karnataka Social Media Ban: कर्नाटक सरकार ने अपने राज्य बजट के दौरान सोशल मीडिया को लेकर एक बड़ा फैसला लिया है. राज्य सरकार ने 16 वर्ष से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया पर बैन लगा दिया गया है. राज्य के बजट सत्र के दौरान मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने विधानसभा में इस ऐतिहासिक फैसले की घोषणा की. उन्होंने बताया कि बच्चों पर सोशल मीडिया के होने वाले दुष्प्रभावों को देखते हुए यह कदम उठाया गया है.
गौरतलब है कि पिछले महीने मुख्यमंत्री ने 'राज्य उच्च शिक्षा परिषद' (Higher Education Council) के कुलपतियों के साथ बैठक की थी. इस दौरान उन्होंने ऑस्ट्रेलिया का उदाहरण देते हुए आयु के आधार पर सोशल मीडिया प्रतिबंध पर चर्चा की थी. सरकार ने इस विषय पर अंतरराष्ट्रीय मॉडल्स (International Models) का अध्ययन करने का भी निर्णय लिया था.
प्रतिबंध लगाने वाला देश का पहला राज्य
कर्नाटक देश का पहला राज्य बन गया है जहां बच्चों के लिए सोशल मीडिया पर प्रतिबंध लगाया गया है. कर्नाटक की राह पर चलते हुए अब गोवा, महाराष्ट्र और बिहार जैसे राज्य भी इस दिशा में विचार कर रहे हैं. इन राज्यों में इस मुद्दे पर अध्ययन के लिए 'टास्क फोर्स' का गठन भी किया जा चुका है.
ऑस्ट्रेलिया में बच्चों के लिए 2025 से ही बैन है सोशल मीडिया
ऑस्ट्रेलिया दुनिया का पहला देश जहां 16 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जा चुका है. यह फैसला ऑस्ट्रेलिया ने बीते वर्ष 10 दिसंबर को ही ले लिया था. यहां सोशल मीडिया का प्रयोग किए जा सकने की आधिकारिक आयु 16 वर्ष से अधिक निर्धारित की गई है. जबकि फ्रांस में उम्र सीमा 15 वर्ष की है.








