‘RLM का अस्तित्व हमेशा रहेगा’... राजगीर से उपेंद्र कुशवाहा ने BJP विलय की चर्चाओं पर लगाया ब्रेक!
राजगीर में राष्ट्रीय लोक मोर्चा का तीन दिवसीय राज्यस्तरीय विमर्श शिविर शुरू हुआ। उपेंद्र कुशवाहा ने सामाजिक न्याय की विरासत, RLM के स्वतंत्र राजनीतिक अस्तित्व और NDA में पार्टी की भूमिका पर खुलकर बात की।


ऐतिहासिक और सांस्कृतिक नगरी राजगीर के इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर में राष्ट्रीय लोक मोर्चा का तीन दिवसीय राज्यस्तरीय विमर्श शिविर शुरू हो गया। शिविर में पार्टी की आगामी राजनीतिक रणनीति, संगठन के विस्तार, सामाजिक न्याय की विचारधारा और डिजिटल तकनीक के इस्तेमाल को लेकर विस्तृत मंथन किया जा रहा है।
शिविर का उद्घाटन राष्ट्रीय लोक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद उपेंद्र कुशवाहा, बिहार सरकार के मंत्री दीपक प्रकाश, पार्टी के विधायकों, विधान पार्षदों, राष्ट्रीय एवं प्रदेश पदाधिकारियों तथा विभिन्न जिलों से पहुंचे जिलाध्यक्षों की मौजूदगी में हुआ।
नीतीश के बाद सामाजिक न्याय की विरासत पर कुशवाहा का दावा
पहले दिन उपेंद्र कुशवाहा ने पार्टी के भविष्य के रोडमैप और बिहार के मौजूदा राजनीतिक हालात पर विस्तार से अपनी बात रखी। उन्होंने समता पार्टी के शुरुआती दौर को याद करते हुए कहा कि राजगीर की धरती से समाजवादी विचारधारा और जननायक कर्पूरी ठाकुर की विरासत को आगे बढ़ाने की राजनीतिक यात्रा शुरू हुई थी।
कुशवाहा ने कहा कि पिछले करीब दो दशकों में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व और केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार के सहयोग से बिहार में व्यापक विकास हुआ है। उन्होंने एनडीए सरकार और नीतीश कुमार के प्रति आभार व्यक्त करने का प्रस्ताव पारित करने का सुझाव भी दिया।
BJP में विलय की चर्चा पर कुशवाहा का जवाब
उपेंद्र कुशवाहा ने अपने संबोधन में कहा कि नीतीश कुमार के सक्रिय राजनीति से एक तरह से फुर्सत लेने के बाद सामाजिक न्याय और समाजवाद की विरासत को आगे बढ़ाने को लेकर बिहार की एक बड़ी जमात के मन में सवाल है। उन्होंने दावा किया कि राष्ट्रीय लोक मोर्चा इस जिम्मेदारी को मजबूती से निभाने के लिए तैयार है।
RLM के भाजपा में विलय की चर्चाओं पर उपेंद्र कुशवाहा ने स्पष्ट किया कि भाजपा की ओर से विलय का कोई औपचारिक प्रस्ताव या दबाव नहीं आया। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों ने व्यक्तिगत स्तर पर सुझाव जरूर दिया था, लेकिन पार्टी ने उसे स्वीकार नहीं किया। उन्होंने जोर देकर कहा कि राष्ट्रीय लोक मोर्चा का अपना स्वतंत्र राजनीतिक अस्तित्व है और यह कायम रहेगा।
कुशवाहा ने कहा कि मौजूदा राजनीति में गठबंधन की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण हो चुकी है और राष्ट्रीय लोक मोर्चा मजबूती से NDA का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि NDA में शामिल प्रत्येक दल की अपनी विचारधारा और सामाजिक आधार है। उनके मुताबिक यही विविधता गठबंधन को मजबूत बनाती है। पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि राजनीति में हिस्सेदारी ताकत के आधार पर मिलती है। संगठन जितना मजबूत होगा, कार्यकर्ताओं और समाज के दबे-कुचले वर्गों को उतनी ही अधिक राजनीतिक हिस्सेदारी मिलेगी।
इस बार छोटा सम्मेलन, लेकिन बड़ा एजेंडा
उन्होंने बताया कि बीस सूत्री समितियों, बोर्ड-निगमों और अन्य मंचों पर पार्टी कार्यकर्ताओं को प्रतिनिधित्व मिलने की शुरुआत हुई है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को और मजबूत करने के लिए पूरी ऊर्जा लगाने की अपील की। इस बार शिविर में बड़े सम्मेलन की जगह चुनिंदा पदाधिकारियों को बुलाया गया है। सभी जिलाध्यक्ष, राष्ट्रीय और प्रदेश पदाधिकारी तथा विशेष आमंत्रित सदस्य शिविर में हिस्सा ले रहे हैं। अभियान समिति के अध्यक्ष आरके सिन्हा के नेतृत्व में जिलेवार बैठकों की रूपरेखा तैयार की गई है।
उपेंद्र कुशवाहा स्वयं अलग-अलग जिलों के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर संगठन की स्थिति की समीक्षा करेंगे और आगे की रणनीति पर चर्चा करेंगे।
शिविर में डिजिटल तकनीक और सोशल मीडिया को भी खास महत्व दिया जा रहा है। उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि आज के दौर में डिजिटल प्लेटफॉर्म के बिना राजनीतिक संदेश को व्यापक स्तर तक पहुंचाना मुश्किल है। पदाधिकारियों को सोशल मीडिया के प्रभावी इस्तेमाल, डिजिटल प्लेटफॉर्म पर सक्रियता और नई तकनीकों के उपयोग का प्रशिक्षण दिया जाएगा। विशेषज्ञ टीम नेताओं के प्रोफाइल तैयार करने और उन्हें डिजिटल माध्यमों के इस्तेमाल में तकनीकी रूप से दक्ष बनाने का काम करेगी।
राजगीर में शुरू हुआ यह तीन दिवसीय विमर्श शिविर आने वाले दिनों में राष्ट्रीय लोक मोर्चा की राजनीतिक और सांगठनिक दिशा के लिए कितना महत्वपूर्ण साबित होता है, इस पर सभी की नजरें टिकी हैं।
(नालंदा से वीरेंद्र कुमार की रिपोर्ट)

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

BREAKING: शिक्षा विभाग के डिप्टी डायरेक्टर अजय कुमार सिंह के घर EOU की रेड!

मोतिहारी में हथियारों का ‘जखीरा’! 5 पिस्टल, 10 मैगजीन के साथ झोला लेकर पहुंचा था सप्लाई करने







