कैमूर में नए DM की एंट्री, शपथ लेते ही बताया क्या होगा सबसे बड़ा फोकस
कैमूर के नए डीएम कुमार अनुराग ने पद की शपथ लेकर जिले की कमान संभाल ली। उन्होंने जनता की समस्याओं का समाधान, कानून-व्यवस्था, जाम से निजात, शराब तस्करी पर रोक और सरकारी योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचाना अपनी प्राथमिकता बताया।


कैमूर: जिले के नए जिलाधिकारी कुमार अनुराग ने पदभार संभालने के बाद अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट कर दी हैं। डीएम को डीडीसी दिव्या शक्ति ने शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण से पहले उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
शपथ लेने के बाद डीएम कुमार अनुराग ने मीडिया से बातचीत में कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान उनकी पहली प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि जनता दरबार और सहयोग शिविर के जरिए लोगों की समस्याएं सुनी जाएंगी और उनके समाधान की कोशिश की जाएगी।
भभुआ-मोहनिया जाम से निजात दिलाने की कोशिश
कैमूर बिहार-उत्तर प्रदेश सीमा से लगा जिला है। ऐसे में कानून-व्यवस्था और सीमावर्ती इलाकों की निगरानी को लेकर भी डीएम ने अपनी प्राथमिकता बताई।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की ओर से होने वाली शराब तस्करी पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहेगा। समय-समय पर वह खुद भी सीमा क्षेत्र का निरीक्षण करेंगे और संबंधित अधिकारियों के साथ स्थिति की समीक्षा करेंगे। भभुआ और मोहनिया में जाम की समस्या को लेकर भी डीएम ने कहा कि जल्द ही संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर इसके समाधान की दिशा में काम किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि आम लोगों को आवागमन में परेशानी न हो, इसके लिए जाम की समस्या का स्थायी समाधान तलाशना जरूरी है।
पर्यटन और विकास को मिलेगी रफ्तार
कुमार अनुराग ने कैमूर को पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण जिला बताते हुए कहा कि जिले के विकास कार्यों में तेजी लाई जाएगी। उन्होंने कहा कि कैमूर में पर्यटन की काफी संभावनाएं हैं और इसे और विकसित करने पर ध्यान दिया जाएगा। इसके साथ ही केंद्र और बिहार सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने पर भी जोर रहेगा। डीएम ने कहा कि प्रशासन यह सुनिश्चित करने की कोशिश करेगा कि सरकारी योजनाओं का फायदा वास्तविक लाभार्थियों तक पहुंचे।
नई जिम्मेदारी संभालते ही डीएम कुमार अनुराग ने जनता से जुड़े मुद्दों, कानून-व्यवस्था, विकास और सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को अपनी प्राथमिकताओं में शामिल किया है। अब इन घोषणाओं को जमीन पर उतारना उनके सामने अगली बड़ी चुनौती होगी।
(कैमूर से अजीत कुमार की रिपोर्ट)

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

BREAKING: शिक्षा विभाग के डिप्टी डायरेक्टर अजय कुमार सिंह के घर EOU की रेड!

मोतिहारी में हथियारों का ‘जखीरा’! 5 पिस्टल, 10 मैगजीन के साथ झोला लेकर पहुंचा था सप्लाई करने







