विष्णुगढ़ हत्याकांड को लेकर गरमाई सियासत, JMM का BJP पर जनता को गुमराह करने का आरोप
JMM ने भाजपा नेताओं पर विष्णुगढ़ में हुए 12 साल की बच्ची के हत्याकांड को लेकर कई आरोप लगाए हैं. झामुमो का कहना है कि जब भाजपा कार्यकर्ता की उक्त मामले में संलिप्तता पाई गई, तो भाजपा नेताओं ने चुप्पी साध ली है.

Jharkhand (Hazaribagh): झारखंड के हज़ारीबाग जिले के विष्णुगढ़ में 12 वर्षीय बच्ची की नृशंस हत्या मामले को लेकर सियासत तेज हो गई है. इस मामले में आरोपी भीम राम की संलिप्तता सामने आने के बाद अब सत्तारूढ़ दल और विपक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है. झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने इस पूरे प्रकरण को लेकर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) पर तीखा हमला बोला है. झामुमो के जिला अध्यक्ष शिव कुमार बास्की ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि बीजेपी ने इस संवेदनशील मामले को राजनीतिक मुद्दा बनाकर राज्य में अस्थिरता पैदा करने की कोशिश की.
शिवा बास्की ने कहा कि रामनवमी के दौरान विष्णुगढ़ में हुई इस दर्दनाक घटना को लेकर बीजेपी ने पूरे झारखंड में बंद का आह्वान किया और आरोपी को फांसी देने की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया. उन्होंने आरोप लगाया कि इस बहाने राज्य सरकार और मुख्यमंत्री की छवि को धूमिल करने की कोशिश की गई.
पुलिस कार्रवाई का किया जिक्र
झामुमो के केंद्रीय प्रवक्ता अब्दुल सलाम अंसारी ने कहा कि पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए सच्चाई सामने लाई और आरोपी की पहचान की. उन्होंने दावा किया कि इससे बीजेपी का “दोहरा चरित्र” उजागर हो गया है, क्योंकि पहले जिस मुद्दे को लेकर जोरदार आंदोलन किया गया, उसी पर अब चुप्पी साध ली गई है. चूंकी इस कांड में संलिप्त आरोपी भीम राम बीजेपी का कार्यकर्ता बताया जा रहा है, वहीं बीजेपी इस बात से इनकार कर रही है.
जनता की भावनाएं भड़काने का प्रयास
झामुमो का आरोप है कि बीजेपी ने घटना को बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया और जनता की भावनाओं को भड़काने का प्रयास किया. वहीं, पुलिस जांच में तथ्य सामने आने के बाद बीजेपी पार्टी के रुख में बदलाव दिखने लगा, जिस पर झामुमो ने गंभीर सवाल उठाए हैं.
विष्णुगढ़ की इस घटना ने एक बार फिर झारखंड की राजनीति को गरमा दिया है. एक ओर जहां कानून-व्यवस्था और न्याय की मांग उठ रही है, वहीं दूसरी ओर राजनीतिक दल इस मुद्दे को लेकर आमने-सामने हैं.
मामले की जांच जारी है और प्रशासन ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है.
रिपोर्ट: विजय तिवारी
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

किताबों के अभाव में लड़खड़ा रही पढ़ाई, गिरिडीह के स्कूल में छात्राओं की शिक्षा पर सवाल

डीसी ने गिरिडीह के कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय का जायजा, दिए आवश्यक निर्देश






