अब बिहार में बजेगा आंदोलन का बिगुल! छात्र न्याय सत्याग्रह का बजने वाला है डंका
BPSC TRE-4 के नोटिफिकेशन, BSSC परीक्षा की तारीख और कई अन्य भर्ती परीक्षाओं को लेकर बिहार के अभ्यर्थियों ने पटना के गर्दनीबाग में ‘छात्र न्याय सत्याग्रह’ का ऐलान किया है। छात्र मंगलवार से अनिश्चितकालीन धरने की तैयारी में हैं


पटना: बिहार में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों का सब्र अब जवाब देता नजर आ रहा है। BPSC TRE-4 के नोटिफिकेशन से लेकर अलग-अलग भर्ती परीक्षाओं की तारीख और पारदर्शिता तक कई मांगों को लेकर छात्र मंगलवार से पटना के गर्दनीबाग में अनिश्चितकालीन धरने की तैयारी में हैं। इस आंदोलन को नाम दिया गया है- ‘छात्र न्याय सत्याग्रह’। यानी इस बार छात्रों का मूड साफ है "सिर्फ आश्वासन नहीं, अब अपडेट चाहिए।" दिल्ली और रांची में छात्रों के प्रदर्शन के बाद अब पटना में भी अभ्यर्थियों ने मोर्चा खोलने का ऐलान किया है। आंदोलन का नेतृत्व बिहार स्टूडेंट यूनियन के अध्यक्ष और छात्र नेता दिलीप कुमार करेंगे।
TRE-4 का नोटिफिकेशन कहां है? पूरी भर्ती व्यवस्था पर सवाल
अभ्यर्थियों की सबसे बड़ी नाराजगी BPSC TRE-4 को लेकर है। छात्रों का कहना है कि भर्ती को लेकर लंबे समय से आश्वासन मिल रहे हैं, लेकिन नोटिफिकेशन अभी तक सामने नहीं आया है। छात्रों का सवाल सीधा है, भर्ती की बात हो रही है तो विज्ञापन कब आएगा? TRE-4 के परीक्षा पैटर्न को लेकर भी अभ्यर्थियों ने आपत्ति जताई है। छात्र नेता दिलीप कुमार का कहना है कि पहले शिक्षक भर्ती में मुख्य रूप से पीटी परीक्षा होती थी, लेकिन अब मेंस को भी शामिल किया गया है। उनकी मांग है कि नया परीक्षा पैटर्न TRE-4 की बजाय TRE-5 से लागू किया जाए।
छात्रों की मांगों की लिस्ट काफी लंबी है। इसमें BPSC TRE-4 का विज्ञापन जारी करना, BSSC परीक्षा की तारीख घोषित करना, लाइब्रेरियन भर्ती, BET भर्ती, दारोगा और सिपाही भर्ती, प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करना जैसी मांगें शामिल हैं। छात्र नेताओं ने साफ किया है कि अगर जल्द कोई ठोस फैसला नहीं हुआ तो आंदोलन को और बड़ा किया जा सकता है।
शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की भी मांग
आंदोलन सिर्फ भर्ती और परीक्षा तक सीमित नहीं है। अभ्यर्थियों ने शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी के इस्तीफे की मांग भी रखी है। यानी छात्रों की नाराजगी का दायरा अब सिर्फ एक परीक्षा के नोटिफिकेशन से आगे बढ़कर शिक्षा और भर्ती व्यवस्था तक पहुंच चुका है। छात्र आंदोलन को राजनीतिक समर्थन भी मिलता दिख रहा है। आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने 19 अगस्त को छात्रों और युवाओं के साथ खड़े होने की अपील की है। उन्होंने पेपर लीक, शिक्षा व्यवस्था, भर्ती प्रक्रिया और बेरोजगारी जैसे मुद्दों का जिक्र करते हुए छात्रों से एकजुट होने की अपील की।
तेजस्वी का भी 19 अगस्त को मार्च
इधर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने भी 19 अगस्त को पटना में मार्च का ऐलान किया है। आरजेडी के मुताबिक, मार्च वीरचंद पटेल पथ स्थित पार्टी मुख्यालय से लोकभवन तक जाएगा। इसमें पार्टी के सांसद, विधायक, विधान पार्षद और कार्यकर्ताओं के शामिल होने की बात कही गई है। यानी पटना में 19 अगस्त को एक तरफ छात्रों का आंदोलन और दूसरी तरफ राजनीतिक मार्च, राजधानी का सियासी माहौल काफी गर्म रहने वाला है। TRE-4 का नोटिफिकेशन कब आएगा? BSSC की परीक्षा कब होगी? भर्ती प्रक्रिया कब आगे बढ़ेगी? और परीक्षाओं में पारदर्शिता कैसे सुनिश्चित होगी? इन सवालों के जवाब का इंतजार हजारों अभ्यर्थी कर रहे हैं।
गर्दनीबाग में ‘छात्र न्याय सत्याग्रह’ के ऐलान के बाद अब असली टेस्ट सरकार और शिक्षा विभाग का है- क्या छात्रों को फिर आश्वासन मिलेगा या इस बार कोई ठोस टाइमलाइन सामने आएगी?

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

बिहार में बड़ा IPS फेरबदल! 18 अफसरों का ट्रांसफर, AK-47 मामले के बाद सीवान SP भी हटे

किताबों से फिर गुलजार हुआ नालंदा, 14 स्टॉल पर सजीं देश-दुनिया की नई और दुर्लभ किताबें







